धनबाद में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और इलाकों से आए आमजनों की शिकायतें सुनी। उपायुक्त ने सभी फरियादियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गोविंदपुर, टुंडी, बरवाअड्डा, बलियापुर, कलियासोल, निरसा, जोरापोखर, झरिया, महुदा सहित कई इलाकों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।बीमारी के इलाज, जमीन से जुड़े विवाद, रास्ता बंद होने, पुनर्वास, प्रमाणपत्र जारी करने और सरकारी योजनाओं में मिलने वाली बाधाओं से संबंधित आवेदन जनता दरबार में प्रमुखता से आए।
गोविंदपुर की सखीना बीवी, तेलीपाड़ा के भवानी ओझा, निरसा के भक्त गोराई और धनसार के सुमित कुमार ने इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। वहीं बरवाअड्डा के दुबे हाजरा ने ऑनलाइन पंजी टू में नाम दर्ज कराने, बलियापुर की कमली महताईन ने रास्ता बंद करने की समस्या रखी।इसके अलावा कलियासोल के प्रतीक कुमार चंद्रा ने मृत्यु प्रमाण पत्र, बेकारबांध के किशोर रजक ने हाई टेंशन तार हटाने और झरिया के रंजीत यादव ने दलित परिवारों के पुनर्वास की मांग रखी। पीठाकियारी के बुलू पांडेय ने अबुआ आवास निर्माण में बाधा की शिकायत दर्ज कराई।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जनता दरबार में जन शिकायत कोषांग के प्रभारी नियाज अहमद भी उपस्थित रहे।


















