धनबाद | 6 जनवरी 2026-:धनबाद के उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे के साथ गोविंदपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की स्थलीय जांच की।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने परासी, मुर्गाबानी-1, मुर्गाबानी-4 तथा कुरूची-1 पंचायतों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों के कक्ष, भंडार गृह और रसोईघर का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने बिरसा सिंचाई कूप योजना के लाभुक आबिद अंसारी एवं इत्याख्त अंसारी तथा अबुआ आवास योजना की लाभुक मेहरून निशा के आवास पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।भ्रमण के अंतिम चरण में उप विकास आयुक्त ने गोड़टोपा, गोविंदपुर-2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने परासी आंगनबाड़ी केंद्र में शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, मुर्गाबानी-4 आंगनबाड़ी केंद्र में सोकपिट निर्माण कराने तथा कुरूची-1 आंगनबाड़ी केंद्र में इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं बिरसा सिंचाई कूप योजना के लाभुकों को पारा पीट निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोड़टोपा में भी इलेक्ट्रिफिकेशन सहित शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया गया।निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने बताया कि सभी स्थलों पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की बारीकी से जांच की गई है। जहां भी त्रुटियां पाई गई हैं, उन्हें दूर करने और समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के लिए संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।























