धनबाद | 5 जनवरी 2026उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने सोमवार को सदर अस्पताल, धनबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने अस्पताल परिसर में प्रोटोकॉल के अनुरूप बायो मेडिकल वेस्ट के निपटान को सुनिश्चित करने, सभी वार्डों सहित पूरे अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा मरीजों के रिकॉर्ड का समुचित और व्यवस्थित संधारण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एमटीसी वार्ड से डिस्चार्ज होने के एक माह बाद गंभीर एवं मध्यम रूप से कुपोषित बच्चों की पोषण सखी एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा नियमित और प्रभावी ट्रैकिंग सुनिश्चित करने, प्रत्येक बच्चे की फॉलो-अप रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट में उपलब्ध कराने तथा डिस्प्ले बोर्ड पर सभी शिफ्ट के चिकित्सकों की अद्यतन संपर्क जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त के साथ सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार, डीएमएफटी पीएमयू टीम के सदस्य एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

















