धनबाद | 17 जनवरी 2026:गणतंत्र दिवस की तैयारियों के मद्देनज़र उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने शुक्रवार को मिश्रित भवन, जिला परिवहन कार्यालय एवं जिला परिषद कार्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यालय परिसरों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कहा कि सभी कार्यालय भवनों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में रखा जाए।श्री सन्नी राज ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण, भवनों की आकर्षक विद्युत साज-सज्जा तथा परिसर को साफ-सुथरा रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सरकारी कार्यालयों की व्यवस्था एवं सजावट से प्रशासन की छवि झलकती है, इसलिए सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ तैयारियां पूर्ण करें।
















