थैलेसीमिया प्रकरण के बाद धनबाद डीसी आदित्य रंजन का एक्शन: SNMMCH ब्लड बैंक का किया निरीक्षण, सभी मशीनों को दुरुस्त करने के निर्देश

editor
2 Min Read

धनबाद, 28 अक्टूबर 2025:-:चाईबासा में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने की घटना के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे राज्य में ब्लड बैंकों का विस्तृत ऑडिट कराने का आदेश दिया है। इसी क्रम में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन मंगलवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचे और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने ब्लड बैंक में मौजूद सभी मशीनों, उपकरणों और स्टोरेज यूनिट्स की बारीकी से जाँच की। उन्होंने पाया कि मशीनें अत्याधुनिक और राज्य स्तरीय हैं, लेकिन 10-15 वर्षों से निरंतर उपयोग के कारण कुछ तकनीकी खराबियाँ आई हैं। उपायुक्त ने इन खराबियों को शीघ्र दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि रक्तदान से लेकर रक्त चढ़ाने तक की पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। डीसी ने निर्देश दिया कि रक्त संग्रह से पहले काउंसलिंग और संक्रमण संबंधी सभी जांचें अनिवार्य रूप से पूरी की जाएँ। किसी भी रक्त यूनिट को स्टोरेज में रखने से पहले एचआईवी, हेपेटाइटिस सहित सभी संक्रामक रोगों की जांच कराना जरूरी होगा।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही धनबाद में मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन शुरू की जाएगी। इस वैन में चलती गाड़ी में ही रक्तदान की पूरी सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में भी रक्त संग्रह अभियान को गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि ब्लड डोनेशन कैंपों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही, सभी निजी अस्पतालों को भी नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।📍#Dhanbad #AdityaRanjan #SNMMCH #BloodBankInspection #JharkhandHealthAudit #HemantSoren #VandeBharatNews

Leave a Comment