धनबाद, 12 सितंबर 2025।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय कक्ष में न्यायालयों में लंबित वादों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अंचल अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली और वादों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि समुचित तथ्यों के साथ प्रभावी प्रतिवेदन न्यायालयों में समय पर समर्पित करना अनिवार्य है।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक वाद की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आवश्यकतानुसार विधिक परामर्श लेकर तदनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि विधिक प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और अधिकारी उत्तरदायित्व का गंभीरता से निर्वहन करें।बैठक में उपायुक्त के साथ अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार, आईटी मैनेजर श्री रूपेश मिश्रा, विधि शाखा के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
















