मैथन/धनबाद — धनबाद जिला सीनियर फुटबॉल लीग के रोमांचक मुकाबलों में मंगलवार को जोशपुर क्लब मैथन, प्रो एक्सीलेंट क्लब और अपना यंग बॉयज क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर लीग में मजबूत स्थिति बनाई।
मैथन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जोशपुर क्लब मैथन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोविंदपुर फुटबॉल क्लब को 4–1 से पराजित किया। जोशपुर की ओर से अशोक हेंब्रम, विजय टुडू, वीरेंद्र किस्कु और बलदेव सोरेन ने एक-एक गोल दागा। वहीं, गोविंदपुर क्लब की ओर से एकमात्र गोल मुकेश टुडू ने किया।मैच के निर्णायक रहे जेवियर टुडू, सूदन लाल सोरेन, तापस वैद्यकर और अविनाश मरांडी।
बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए एकतरफा मुकाबले में प्रो एक्सीलेंट फुटबॉल क्लब ने पुलिस लाइन क्लब धनबाद को 3–0 से शिकस्त दी।विजेता टीम के लिए प्रियेश मार्डी, दिलीप हेंब्रम और राहुल हसदा ने एक-एक गोल किया।निर्णायक रहे सरकार मरांडी, संजय हेंब्रम, संतोष रजक और निरंजन कुमार महतो।
सिजुआ स्टेडियम में हुए तीसरे मुकाबले में अपना यंग बॉयज क्लब ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कोयलांचल एफसी को 8–0 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।टीम की ओर से राजय मरांडी और शाम मुर्मू ने दो-दो गोल किए, जबकि मो. शकील अंसारी, राकेश मरांडी, दिव्यालोक मरांडी और मंतोष मुर्मू ने एक-एक गोल दागा।निर्णायक की भूमिका में रहे दिनेश सोरेन, ललिता कुमारी, दिलीप महतो और उदय मिश्रा।
तीनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। लीग में अब अगले चरण के मैचों को लेकर खिलाड़ियों और टीमों में जोश देखा जा रहा है।
















