धनबाद। केंदुआडीह में जहरीली गैस रिसाव की गंभीर स्थिति के बीच बीसीसीएल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। बुधवार को बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन में प्रेस वार्ता के दौरान सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि “गैस रिसाव के कारण किसी भी प्रकार की जन-धन हानि न हो, यह हमारी पहली प्राथमिकता है।”
उन्होंने बताया कि राजपूत बस्ती और आसपास के इलाकों में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर सामान्य से काफी अधिक पाया गया है, जो स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। बीसीसीएल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आईआईटी-आईएसएम, सिंफर, एनडीआरएफ और सीएमपीडीआई जैसी विशेषज्ञ एजेंसियों को लगाया है। इन एजेंसियों की मानें तो फिलहाल लोगों का सुरक्षित स्थान पर जाना ही सबसे बेहतर और स्थायी उपाय है।
अंडरग्राउंड छोड़ी हुई गैलरी से निकल रही गैस सीएमडी ने बताया कि शुरुआती तकनीकी आकलन में यह स्पष्ट हुआ है कि रिसाव छोड़ी हुई भूमिगत गैलरी से हो रहा है। माइंस रेस्क्यू टीमों (एमआरएस) ने कई घरों के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक पाया, जिसके बाद निवासियों को तुरंत खाली कराया गया।
44 लोग हुए प्रभावित, 37 को मिली छुट्टीअभी तक 44 लोगों ने सिरदर्द, सीने में दर्द और सांस लेने में जलन जैसी शिकायतें की थीं।इनमें से 37 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 7 मरीजों का उपचार जारी है।
45 घरों के लोग अस्थायी केंद्रों में जाने की अपील बीसीसीएल ने 45 घरों के प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत केंद्रों में स्थानांतरित होने की सलाह दी है, जहां भोजन, रहने और इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति के लिए बीसीसीएल ने 399 बेड विभिन्न अस्पतालों में तैयार रखे हैं।
फॉगिंग और वाटर स्प्रे से गैस नियंत्रण का प्रयास बीसीसीएल एवं एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें लगातार सर्वेक्षण कर रही हैं।फॉगिंग और वाटर स्प्रे के जरिए गैस के प्रभाव को कम करने की कोशिश जारी है।
रिवाइज झरिया मास्टर प्लान के तहत तेज होगी पुनर्वास प्रक्रिया सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि पुनर्वास को गति देने के लिए बैलगाड़ी मौजा की 378.39 एकड़ भूमि जेआरडी को लीज पर दे दी गई है।प्रभावित परिवारों को 800 वर्गफुट का पक्का मकान, साथ ही पशुपालन के लिए अलग से जगह देने का प्रावधान किया गया है।उन्होंने कहा कि वे और डायरेक्टर (एचआर) मुरली कृष्ण रमैया लगातार प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और लोगों की समस्याएं सुनकर समाधान में जुटे हैं।
राज्य प्रशासन के साथ लगातार समन्वयसीएमडी ने बताया कि जिला प्रशासन, विशेषकर उपायुक्त आदित्य रंजन का पूरा सहयोग मिल रहा है और राज्य सरकार के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा गया है।















