धनबाद जिले को युवा और ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। राज्य सरकार की ओर से 31 दिसंबर की देर शाम जारी अधिसूचना के अनुसार 28 वर्षीय आईएएस अधिकारी लोकेश बारंगे को धनबाद का नया अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे हजारीबाग सदर में प्रशिक्षु आईएएस के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वर्तमान में राजेश कुमार धनबाद एसडीएम के रूप में पदस्थापित हैं, जिन्होंने पूर्व एसडीएम उदय रजक से प्रभार लिया था। नई अधिसूचना के तहत प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है और जल्द ही लोकेश बारंगे औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।
जानकारी के अनुसार आईएएस लोकेश बारंगे मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर के निवासी हैं। उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 319वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का गौरव प्राप्त किया।
धनबाद जैसे औद्योगिक और प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण जिले में एक युवा अधिकारी को एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपे जाने को अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों और आम जनता को उनसे प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख प्रशासन की उम्मीद है।















