धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद के विधायक राज सिन्हा को इस वर्ष ‘झारखंड का उत्कृष्ट विधायक’ चुना गया है। यह सम्मान उन्हें विधानसभा में लगातार सक्रिय उपस्थिति, जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और विकास कार्यों में उनकी भूमिका को देखते हुए प्रदान किया जा रहा है।
यह धनबाद के लिए गौरव का क्षण है। विधायक राज सिन्हा को यह सम्मान आगामी 22 नवंबर को विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा द्वारा औपचारिक रूप से दिया जाएगा।विधायक के सम्मानित होने की खबर से धनबाद में खुशी का माहौल है। समर्थक और आमजन उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं। यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की स्वीकृति है, बल्कि धनबाद की जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम भी माना जा रहा है।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि यह सम्मान जनता के प्यार और निरंतर सहयोग का फल है। उन्होंने कहा कि जन-जन की सेवा, जन-जन का विश्वास उनके कार्यों की प्राथमिकता रही है और आगे भी धनबाद के विकास के लिए वे पूरे समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि धनबाद के लिए एक गर्व का विषय है और विधायक द्वारा लगातार किए गए विकास कार्यों की पहचान भी।

















