सरस्वती पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, शांति व विधि-व्यवस्था के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी

editor
3 Min Read

धनबाद | सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस क्रम में लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरस्वती पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी। राहगीरों को रोककर, दबाव बनाकर या धमकी देकर चंदा मांगने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि चंदा पूरी तरह स्वैच्छिक और कानून के दायरे में ही लिया जाए।

सड़क पर पूजा व पंडाल निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध

धनबाद पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क पर पूजा आयोजन या पंडाल निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सड़कों पर पंडाल लगाने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे मामलों को दंडनीय अपराध की श्रेणी में रखते हुए आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, रात 10 बजे के बाद लाउड स्पीकर पर रोक

सरस्वती पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार का लाउड स्पीकर या तेज संगीत बजाने पर रोक रहेगी। अश्लील या आपत्तिजनक गानों के प्रयोग पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नशा और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी

पूजा पंडालों एवं आसपास के इलाकों में शराब या किसी भी प्रकार के नशे पर कड़ी नजर रखी जाएगी। नशे की हालत में पकड़े जाने पर कठोर कार्रवाई तय है। असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त की व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस की अपील

धनबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरस्वती पूजा ज्ञान, विद्या और सादगी का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, कानून उल्लंघन या अमर्यादित आचरण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी से नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment