धनबाद | एसडीओ ने बीडीओ व सीओ के साथ की समीक्षा बैठक, समयबद्ध निष्पादन पर जोर

editor
2 Min Read

धनबाद, 4 जनवरी 2026:अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे ने धनबाद अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारियों (सीओ) के साथ अपने कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, विधि-व्यवस्था और जनसेवाओं के समयबद्ध निष्पादन पर विस्तृत चर्चा हुई।

एसडीओ ने निर्देश दिया कि अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, अनुमंडल कार्यालय से मांगे गए प्रतिवेदनों को समय पर, स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों में संचालित सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्धारित समयसीमा में क्रियान्वयन, दाखिल-खारिज व अन्य राजस्व मामलों तथा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। माननीय उच्च न्यायालय सहित अन्य न्यायिक प्रकरणों में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण और आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी सभी बीडीओ एवं सीओ को दिए गए।बैठक से पूर्व एसडीओ ने उपस्थित अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और परिचय प्राप्त किया। बैठक में विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ एवं विभिन्न अंचलों के सीओ उपस्थित थे।

Leave a Comment