धनबाद में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न, बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

editor
2 Min Read

धनबाद, 17 दिसंबर 2025:उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर की अध्यक्षता में आज उप विकास आयुक्त कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री/समीक्षा समिति की सितंबर तिमाही की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग योजनाओं की प्रगति, ऋण वितरण और वित्तीय समावेशन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि वार्षिक ऋण योजना के तहत सितंबर तिमाही तक धनबाद जिले की उपलब्धि 64.33 प्रतिशत रही। कई बैंकों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर डीडीसी ने उन्हें अगले तिमाही तक लक्ष्य बढ़ाकर कम से कम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने का निर्देश दिया। वहीं जिले का कुल ऋण-जमा अनुपात 43.87 प्रतिशत रहा। कुछ बैंकों का ऋण-जमा अनुपात कम पाए जाने पर आरबीआई के लीड डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर ने इसमें सुधार के निर्देश दिए।

डीडीसी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए सभी बैंकों को इस पर विशेष ध्यान देने और लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बैंकों से स्क्रो अकाउंट शीघ्र खोलने का अनुरोध किया, ताकि विभागीय योजनाओं का समय पर लाभ लाभार्थियों तक पहुंच सके।

नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संभाव्य ऋण योजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसके साथ ही डीडीसी ने केसीसी से जुड़े सभी लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।बैठक के अंत में डीडीसी ने स्पष्ट किया कि जिले में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार, वित्तीय समावेशन को गति देना और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी बैंकों और विभागों को आपसी समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Comment