धनबाद, 22 दिसंबर 2025:फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से सोमवार को डीआरडीए सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने की।
कार्यशाला में सिविल सर्जन ने फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने फाइलेरिया रोगियों के लिए एमएमडीपी किट के समुचित उपयोग, फाइलेरिया क्लिनिक के सफल संचालन, जन-जागरूकता अभियान, सतत पर्यवेक्षण एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग को कार्यक्रम की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अक्षरशः लागू करें, ताकि जिले से फाइलेरिया रोग का उन्मूलन सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार, नेगलेक्टेड ट्रॉपिकल डिजीज के क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. हासिब, जिला वीबीडी सलाहकार रमेश कुमार सिंह, पीरामल स्वास्थ्य के जिला प्रतिनिधि आबिद सरदार सहित टुंडी, तोपचांची एवं निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्वास्थ्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
















