धनबाद में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

editor
3 Min Read

धनबाद, 11 नवंबर 2025धनबाद के न्यू टाउन हॉल में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रहे अवैध खनन, भंडारण और कोयले के परिवहन की समीक्षा की गई तथा इन पर रोकथाम के लिए कई ठोस दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले में खनिज संपदाओं के अवैध दोहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी एरिया जीएम को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में 5 से 10 एकड़ डंप या अनुपयोगी भूमि चिन्हित करें, जहां वृहद पैमाने पर पौधारोपण, ईको पार्क का निर्माण और जलाशय बनाए जा सकें। उन्होंने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा और जिले में हरियाली बढ़ेगी।उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि कोयला परिवहन में लगे वाहनों का व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (VTS) राज्य सरकार के पोर्टल से जोड़ा जाए, ताकि सभी वाहनों की निगरानी वास्तविक समय में की जा सके और डिस्पैच चालान के अनुपालन की जांच सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा,> “अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही रैयती जमीन पर बिना मुआवजा या नियोजन के खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और रैयतीों को उनका अधिकार दिलाया जाएगा।”

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि हाल के त्योहारों के दौरान लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के कारण कार्रवाई में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन अब पुनः सघन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन, भंडारण और कोयला चोरी के खिलाफ लगातार छापेमारी करें।जिला खनन पदाधिकारी श्री रितेश राज तिग्गा ने जनवरी से अक्टूबर 2025 तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी, वहीं बीसीसीएल अधिकारियों ने कोयला चोरी और अवैध खनन रोकने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी साझा की।

बैठक में सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी. द्विवेदी, सीआईएसएफ कमांडेंट, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर श्री नौशाद आलम, सिंदरी एसडीपीओ श्री आशुतोष सत्यम, बाघमारा एसडीपीओ श्री पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निरसा एसडीपीओ श्री रजत मणिक बाखला, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और बीसीसीएल के सभी एरिया जीएम सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि खनन गतिविधियों में पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण और रैयती अधिकारों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन और खनन कंपनियाँ समन्वित रूप से कार्य करेंगी।#Dhanbad #MiningTaskForce #AdityaRanjan #IllegalMining #BCCL #JharkhandAdministration #EcoPark #EnvironmentProtection

Leave a Comment