कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार कार्य का डीआरएम ने किया निरीक्षण

editor
2 Min Read

नव वर्ष 2026 के पहले दिन धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा कर चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने साफ निर्देश दिया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, पार्किंग व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली और अधूरे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने टिकट काउंटर, आरपीएफ पोस्ट, जीआरपी भवन, प्लेटफॉर्म संख्या-2 सहित अन्य संरचनाओं का भी निरीक्षण किया और सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।डीआरएम ने आरओबी के 12 मीटर चौड़ीकरण को लेकर बताया कि यह कार्य भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में ठेकेदार और कर्मचारी मरम्मत व निर्माण कार्य में जुटे दिखे।

इस मौके पर डीआरएम के साथ रेल मंडल के कई अधिकारी और अभिकर्ता मौजूद रहे। हालांकि व्यस्तता के कारण डीआरएम आम यात्रियों से सीधे संवाद नहीं कर सके। रेल प्रशासन का कहना है कि जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद कतरासगढ़ रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा।

Leave a Comment