धनबाद, 25 अक्टूबर 2025: लोक आस्था के महापर्व छठ के चलते रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद से पटना के बीच विशेष छठ स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। छठ पर्व के दौरान धनबाद और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग बिहार की ओर जा रहे हैं, जिससे सामान्य ट्रेनें पूरी तरह भर गई हैं और कई में नो रूम की स्थिति बन चुकी है।
धनबाद रेल मंडल के अनुसार, 03303 धनबाद–पटना स्पेशल ट्रेन शनिवार, 25 अक्टूबर को रात 8:45 बजे धनबाद से गंतव्य पटना के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन गया होते हुए रविवार सुबह 2:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 03304 पटना–धनबाद ट्रेन रविवार सुबह 4:50 बजे पटना से खुलेगी और सुबह 11 बजे धनबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन गंगा दामोदर एक्सप्रेस के रूट पर चलेगी।
रेलवे प्रशासन ने इस बार छठ महापर्व के महत्व को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई विशेष इंतजाम किए हैं। कई प्रमुख स्टेशनों पर छठ के गीतों का प्रबंध किया गया है, ताकि यात्रियों में उत्साह बना रहे और भीड़ नियंत्रित रहे।
धनबाद डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने बताया कि छठ पूजा के दौरान सभी स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट, यात्री सुविधा और सुरक्षा बलों की तैनाती पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे समय पर स्टेशन पहुंचें और सभी निर्देशों का पालन करें।
इस पहल से छठ पर्व में यात्रा करने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ उठा सकेंगे, साथ ही धार्मिक उत्सव की भक्ति और उल्लास में बढ़ोतरी होगी।

















