धनबाद।पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ, धनबाद रेल मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री अखिलेश कुमार मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान रेल कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने रेलकर्मियों के प्रमोशन, कैडर संरचना, सीनियरिटी निर्धारण सहित अन्य ज्वलंत विषयों को डीआरएम के समक्ष रखा। इन मुद्दों पर डीआरएम की ओर से सकारात्मक रुख अपनाते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह धनबाद मंडल प्रभारी डॉ. जितेंद्र कुमार कंचन एवं भारतीय मजदूर संघ, धनबाद के जिला मंत्री धर्मजीत चौधरी की गरिमामय उपस्थिति रही। बैठक में संघ के अन्य पदाधिकारी व सदस्य वंश नारायण, गौतम कुमार, सूरज कुमार एवं शिवजी पांडे भी मौजूद थे।मुलाकात के बाद संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रेल प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद और सहयोग से लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा रेलकर्मियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।















