केंदुआडीह गैस रिसाव घटना पर झारखंड विधानसभा में गूंज – झरिया विधायक रागिनी सिंह ने अध्यक्ष को सौंपा पत्र, कहा- “मामला बेहद चिंताजनक”

editor
2 Min Read

धनबाद। बीसीसीएल की केंदुआडीह कोलियरी में जहरीली गैस रिसाव से दो महिलाओं की मौत के बाद मामला अब झारखंड विधानसभा तक पहुंच गया है। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को पत्र सौंपकर इस घटना पर गहरी चिंता जताई और इसे क्षेत्र के लिए “बेहद भयावह और चिंताजनक” बताया।

विधायक रागिनी सिंह ने अपने पत्र में कहा कि गैस रिसाव की घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और पीड़ित परिवारों की पीड़ा को प्रत्यक्ष रूप से देखा।उन्होंने कहा कि बीसीसीएल और संबंधित आउटसोर्सिंग कंपनी की गंभीर लापरवाही इस घटना में स्पष्ट दिखाई देती है, जो कई सवाल खड़े करती है।

रागिनी सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि सदन के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री और आपदा प्रबंधन मंत्री का ध्यान तुरंत इस मामले की ओर आकर्षित किया जाए। उन्होंने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं—1. प्रभावित परिवारों का तत्काल और सुरक्षित पुनर्वास। 2. मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा।3. लापरवाही बरतने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई।

उन्होंने कहा कि कई परिवार भय और मानसिक तनाव में जी रहे हैं, इसलिए सरकार को तेजी से कदम उठाने होंगे। विधायक ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस गंभीर त्रासदी को प्राथमिकता देगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस उपाय सुनिश्चित करेगी।#KenduadihGasLeak #JharkhandAssembly #RaginiSingh #BCCL #DhanbadNews #VandeBharatNews

Leave a Comment