---
title: "एटा। भैया दूज का त्योहार मनाकर अपने घर लौट रहे नवविवाहित दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके प"
url: "https://vandebharattv.com/eta-bhaiya-duj-ka-tyohar-mnakr-apne-ghr-laut/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-12T10:57:17+00:00"
---

# एटा। भैया दूज का त्योहार मनाकर अपने घर लौट रहे नवविवाहित दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके प

एटा। भैया दूज का त्योहार मनाकर अपने घर लौट रहे नवविवाहित दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति ने अलीगढ़ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, कासगंज जिले के सिद्धपुरा थाना क्षेत्र के अमृतपुर निवासी सरजू की शादी इसी साल 8 फरवरी 2026 को एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के गांव पिलखतरा निवासी नरेंद्र पुत्र लाखन सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद पहली बार सरजू भैया दूज का त्योहार मनाने अपने मायके आई थी। उसने अपने दोनों भाइयों अमन (25) और आदर्श (17) को तिलक कर त्योहार की खुशियां मनाईं।

परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र नोएडा की एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। वह दीपावली मनाने के लिए 7 नवंबर को घर आया था। त्योहार मनाने के बाद बुधवार शाम करीब 6 बजे वह पत्नी सरजू को बाइक से लेकर अपने गांव पिलखतरा लौट रहा था।

दोनों एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में मरथरा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कैंटर (HR 38 AH 4522) ने उनकी पल्सर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरजू कैंटर की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से नरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ के वरुण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

मृतका के भाई प्रवेश ने बताया कि दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में बहन की मौके पर ही जान चली गई, जबकि बहनोई ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सरजू के दो भाई अमन और आदर्श हैं। वहीं नरेंद्र अपने परिवार में बड़ा था और उसका एक छोटा भाई टिल्लू है।

जिस घर में भैया दूज की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। शादी के महज नौ महीने बाद ही दोनों की असमय मौत से परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली देहात थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि मरथरा चौकी क्षेत्र में बाइक और कैंटर के बीच हादसा हुआ था। महिला की मौके पर मौत हुई थी, जबकि उसके पति की भी अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
