---
title: "एटा में टेंपो के अंदर मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी"
url: "https://vandebharattv.com/eta-men-tenpo-ke-andr-mila-45-vrshiy-vykti/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-14T13:27:12+00:00"
---

# एटा में टेंपो के अंदर मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी

एटा। आवागढ़ थाना क्षेत्र में टूंडला मार्ग पर नगला भूरा के पास सड़क किनारे खड़े टेंपो में 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों ने टेंपो के अंदर शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोपहर करीब 12:30 बजे शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए एटा की मोर्चरी भेज दिया।

मृतक की पहचान जलेसर के माधवनगर स्थित पुरानी पेट्रोल पंप के पास रहने वाले सतीश चंद्र पुत्र राजबहादुर के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

आवागढ़ थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि टेंपो में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
