रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइटें परिचालन संबंधी कारणों से शुक्रवार को रद्द कर दी गईं। अचानक हुए इस बदलाव से बड़ी संख्या में यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की कुल 11 उड़ानें रद्द की गईं। रद्द हुई उड़ानों में पुणे, हैदराबाद, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों के लिए आने-जाने वाली सेवाएँ शामिल थीं।
उड़ान रद्द होने से यात्रियों को टिकट रिफंड, आगे की यात्रा योजना तथा वैकल्पिक उड़ानों की बुकिंग को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्री एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करते रहे।
एयरलाइंस ने यात्रियों को मैसेज और ईमेल के जरिए सूचना देने की बात कही है, जबकि रद्द उड़ानों के कारणों की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे हवाई यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइंस से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।















