रांची: राजधानी रांची में जमीन, वर्चस्व और पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच हुए गैंगवार ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ के पास शनिवार रात दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजय पांडेय सहित कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-:पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमेंसंजय पांडेय, आशु कुमार, जुबैर खान, संतोष कुमार, पप्पू साव और रोहित पांडे शामिल हैं।इनके पास से हथियार और कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया गया।
तीन एकड़ जमीन बना विवाद की वजह-:पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु स्थित तीन एकड़ जमीन है। इसी जमीन और उससे जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।बताया गया कि 17 जनवरी की दोपहर भी दोनों गुटों के बीच मारपीट की घटना हुई थी।
सुलह की मीटिंग में बरसी गोलियां-:विवाद सुलझाने के लिए 17 जनवरी की शाम करीब 7 बजे पिस्का मोड़ स्थित राजधानी मान्या टावर के पास एक बैठक बुलाई गई थी।एक ओर आकाश सिंह और विकास सिंह अपने 10–15 समर्थकों के साथ पहुंचे थे, जबकि दूसरी ओर संजय पांडेय और रवि यादव गुट भारी संख्या में मौजूद था।बातचीत के दौरान माहौल बिगड़ गया और इसी दौरान संजय पांडेय व रवि यादव गुट की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई।
घायलों की स्थिति-:आकाश सिंह – दाहिनी बांह में गोलीविकास सिंह – सीने में दो गोली और बाईं बांह में एक गोलीरवि यादव – बाएं हाथ और चेहरे पर गोलीतीनों घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।















