पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ने किया पटना–आरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, आरा स्टेशन पुनर्विकास कार्य की समीक्षा

editor
3 Min Read

हाजीपुर | 05 जनवरी 2026पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज पटना–आरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, रेल पुलों सहित संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने रेल ट्रैक के बेहतर रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण की शुरुआत दानापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 से हुई, जहां सोलर सिस्टम से संचालित किए जाने हेतु तैयार किए गए कैंपेन कोच का निरीक्षण किया गया। इस कोच की छत पर रूफ टॉप फ्लेक्सिबल सोलर प्लेट लगाई गई है, जिससे प्रतिदिन लगभग 40 से 45 यूनिट बिजली का उत्पादन संभव होगा। इससे कोच के उपकरणों के संचालन के लिए बाहरी बिजली आपूर्ति के अतिरिक्त एक सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होगा और सालाना लगभग डेढ़ लाख रुपये की बिजली की बचत होगी।

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने आरा जंक्शन पर चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्विकसित स्टेशन भवन आकर्षक डिजाइन के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त होगा। स्टेशन विकास कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है।

आरा जंक्शन पर ही महाप्रबंधक ने कोचिंग डिपो का निरीक्षण किया, जहां मेंटेनेंस क्षमता बढ़ाने के लिए लगाए गए IoT आधारित डिवाइस के सर्वर रूम का अवलोकन किया गया। डेमो के माध्यम से उन्हें IoT सिस्टम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि कोचों में लगाए गए IoT डिवाइस रियल-टाइम मॉनिटरिंग, प्रेडिक्टिव एवं प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, मैनुअल निरीक्षण की त्रुटियों में कमी, यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा बढ़ाने तथा मेंटेनेंस स्टाफ को सटीक डेटा और अलर्ट उपलब्ध कराने में सहायक हैं।

निरीक्षण के अंत में दानापुर मंडल कार्यालय में महाप्रबंधक की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पटना जंक्शन और दानापुर की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार मास्टर प्लान पर चर्चा की गई। पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत इस मास्टर प्लान के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment