धनबाद: बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन, झारखंड स्टेट की धनबाद इकाई की आम सभा शनिवार को कोयला नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता एस.के. अदक ने की।
आम सभा में फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियन के अखिल भारतीय महासचिव एवं बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन झारखंड स्टेट के महासचिव कॉमरेड दिनेश झा ‘ललन’ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वर्तमान बैंकिंग व्यवस्था और बैंक ऑफ इंडिया की स्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सभा में सभी संवर्गों में समुचित बहाली, बैंक मर्जर का विरोध, चार श्रम संहिताओं के खिलाफ संघर्ष, तथा द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। लंबित एवं जायज मांगों को लागू नहीं किए जाने के विरोध में 27 जनवरी 2026 को प्रधान कार्यालय, मुंबई में धरना कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया।
इस अवसर पर धनबाद एवं संथाल परगना क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा, महिला एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया। प्राइवेट बैंकों से जुड़ी लंबित मांगों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सभा को कॉमरेड नंद कुमार महाराज, उमेश दास, एस.एन. दास, प्रदीप झा, राकेश मिश्रा, तारक बनर्जी और राकेश कुमार सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
आम सभा में 10 कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया गया। कार्यक्रम की सफलता में कॉमरेड अमित चंद्रवंशी, केदार सिंह, राहुल देव, सुमित कुमार, मनोज यादव, शंकर दास, वासुदेव, नौशाद, विनोद कुमार सहित महिला साथियों का विशेष योगदान रहा। अंत में राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

















