राज्यपाल ने राँची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय के नवीन भवन का किया उद्घाटन

editor
3 Min Read

राँची | 17 जनवरी 2026:झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज राँची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय के नवीन कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राँची में इस उप-कार्यालय की स्थापना झारखंड के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है, जिससे राज्य में रक्षा भूमि प्रबंधन को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सकेगा।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व में झारखंड के सभी जिलों और सैन्य स्टेशनों से जुड़ी रक्षा भूमि का प्रबंधन बिहार के दानापुर से किया जाता था। भौगोलिक दूरी और व्यापक क्षेत्राधिकार के कारण कई मामलों में विलंब होता था। राँची में उप-कार्यालय की स्थापना से अब रक्षा भूमि से संबंधित मामलों का स्थानीय स्तर पर त्वरित, सरल और प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। इससे राज्य प्रशासन और रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय भी और मजबूत होगा।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने भारतीय सैनिकों के पराक्रम, साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि हमारे सैनिक न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि आपदा के समय भी पूरे समर्पण के साथ सहायता के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि जब देशवासी चैन की नींद सोते हैं, तब हमारे सैनिक सीमाओं पर जागकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनका जीवन ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का सजीव उदाहरण है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत शांति का पक्षधर है और विश्व को मानवता का संदेश देता है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर देश अपनी रक्षा करना भी भली-भांति जानता है। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों के माध्यम से भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ता और क्षमता का परिचय दिया है। माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा और सैनिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत रक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से देश की सैन्य शक्ति लगातार मजबूत हो रही है।

अंत में राज्यपाल ने रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना के लिए माननीय केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ एवं रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पूरी टीम को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय राष्ट्र सेवा और सैनिक कल्याण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Leave a Comment