झरिया | मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा आयोजित निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं हियरिंग एड वितरण शिविर का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। तीन दिवसीय इस सेवा शिविर ने दिव्यांगजनों के जीवन में नई आशा और आत्मनिर्भरता का संचार किया।
समारोह का शुभारंभ मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया के अध्यक्ष श्री राज कुमार अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथियों—अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विकास खंडेलिया, राष्ट्रीय सहायक मंत्री श्री हर्ष सुल्तानिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री नरेश केजरीवाल, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के प्रतिनिधि श्री रितेश पटवारी तथा कार्यक्रम संयोजक श्री आशीष भुसानिया—द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यक्रम दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के इस प्रयास को प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला कोषाध्यक्ष सह महापौर प्रत्याशी अमित अग्रवाल के भाई श्री अंकुर अग्रवाल ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच द्वारा किया गया यह सेवा कार्य वास्तव में अनुकरणीय है। उन्होंने इसे दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए ऐसे शिविरों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान 40 नए कृत्रिम अंगों का निर्माण, 38 पुराने कृत्रिम अंगों की मरम्मत, 27 लाभार्थियों को हियरिंग एड का वितरण तथा 18 दिव्यांगजनों को बैसाखियाँ प्रदान की गईं। यह आंकड़े शिविर की व्यापक सफलता और सामाजिक प्रभाव को दर्शाते हैं।समापन समारोह में श्याम मंदिर के अध्यक्ष श्री रघुवीर गोयल, अग्रसेन भवन के अध्यक्ष श्री गोपाल अग्रवाल, अरुण झुनझुनवाला, एस.एस. खंडेलवाल, गोपी किशन मंत्री, शिबू अग्रवाल, समृद्धि शाखा की अध्यक्ष श्रीमती जया अग्रवाल, श्रीमती निशा अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद शर्मा, राजीव सावंतिया, गोविंद शर्मा, संदीप सांवरिया, डॉ. कृष्णा अग्रवाल, डॉ. प्रबीर गांगुली, श्रीमती सीमा अग्रवाल एवं श्री दीपक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में मंच के सदस्य एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल मंच संचालन मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री असीम अग्रवाल ने किया। समापन के साथ ही यह तीन दिवसीय सेवा शिविर अपने उद्देश्य में पूर्णतः सफल सिद्ध हुआ और समाज में सेवा भावना का सशक्त संदेश छोड़ गया।
















