राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में युवा संसद का भव्य आयोजन, महिला आरक्षण बिल पारित — राजनीति और शासन की समझ बढ़ाने का प्रयास

editor
2 Min Read

धनबाद, 21 नवंबर:राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोकनगर धनबाद में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को युवा संसद का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को राजनीति, शासन प्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ से जोड़ना था। कार्यक्रम में 65 छात्रों ने युवा सांसद के रूप में हिस्सा लिया, जिसमें सत्ता पक्ष के 36 तथा विपक्ष के 24 सदस्य शामिल थे।

विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा ने कहा कि युवा संसद का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों में वक्तृत्व कौशल, नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से छात्रों में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है तथा भविष्य में नेतृत्व के लिए एक मजबूत आधार तैयार होता है।

कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका 12वीं की छात्रा शर्मिष्ठा मुखर्जी ने निभाई। सत्र के दौरान महिला आरक्षण बिल पर चर्चा हुई, जिसे युवा संसद द्वारा बहुमत से पारित किया गया। प्रश्नकाल और शून्यकाल में विपक्ष ने पेपर लीक, असंरचनात्मक विकास एवं पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर तीखे प्रश्न उठाए, जिनका सत्ता पक्ष ने तथ्यों के साथ जवाब दिया और आश्वस्त किया कि सरकार पेपर लीक जैसी घटनाओं पर गंभीर है और कड़े कानून लागू हैं।

सर्वश्रेष्ठ वक्ता (सत्ता पक्ष) — सृष्टि कुमारीरनर-अप (सत्ता पक्ष) — सूर्यांश मिश्रासर्वश्रेष्ठ वक्ता (विपक्ष) — अंशिका कुमारीरनर-अप (विपक्ष) — फहद

निर्णायक मंडल में सह सचिव दीपक रुइया, वरिष्ठ आचार्य राकेश कुमार मिश्रा और पूनम सिन्हा शामिल थे। सह सचिव दीपक रुइया ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यालय के इतिहास में पहली बार आयोजित किया गया है और इसे यादगार आयोजन के रूप में देखा जाएगा।कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक शंकर दयाल बुधिया, अध्यक्ष विनोद कुमार तुलस्यान, उप प्राचार्य मनोज कुमार, उप प्राचार्या लीला सिंह, तथा कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित थे। अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना की गई।

Leave a Comment