गुवा: सेल गुवा अयस्क माइंस, बोकारो स्टील प्लांट में 63वें सुरक्षा सप्ताह–2025 का शुभारंभ सोमवार को डीजीएम चाईबासा क्षेत्र के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा झंडोत्तोलन एवं सुरक्षा की प्रतीकात्मक प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण के साथ हुई। उद्घाटन सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “सतर्कता हटी, दुर्घटना घटी”—यह केवल नारा नहीं, बल्कि जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी और ओवर कॉन्फिडेंस दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं। सुरक्षा नियमों को मन, कर्म और वचन से अपनाने पर बल देते हुए उन्होंने नई सुरक्षा तकनीकों के उपयोग और असुरक्षा के खिलाफ निरंतर सतर्क रहने की अपील की। साथ ही प्रबंधन की ओर से सुरक्षा सुनिश्चित करने
महाप्रबंधक खान एस.पी. दास ने कहा कि खदान में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि महाप्रबंधक आर.के. सिन्हा ने इस वर्ष के मूल मंत्र “जीरो हार्म” को हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने बिना सेफ्टी उपकरण के खदान में प्रवेश न करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई।
63वां सुरक्षा सप्ताह 15 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 15 दिसंबर को सुरक्षा मॉडल रूम का उद्घाटन, 20 दिसंबर को गुवा सेल क्लब में पब्लिसिटी प्रोपेगेंडा कार्यक्रम तथा 22 दिसंबर को अतिथियों द्वारा माइंस निरीक्षण किया जाएगा। इसी क्रम में सीजीएम चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने संयुक्त रूप से सुरक्षा मॉडल कक्ष का उद्घाटन किया। इसके पश्चात महाप्रबंधक अनिल कुमार ने सभी कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत संतोष कुमार बेहरा एवं बाल कलाकार कुमार आशुतोष ने गीत प्रस्तुत कर समां बांधा।इस अवसर पर सीजीएम चंद्रभूषण कुमार, महाप्रबंधक एस.पी. दास, आर.के. सिन्हा, डॉ. टी.सी. आनंद, डॉ. ए.के. अमन, डॉ. एस. सरकार, डॉ. प्रियंका रानी पात्रा, महिला समिति की सदस्याएं, नोवामुंडी भाग–1 जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी सहित कई अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामवासी, मानकी-मुंडा एवं बड़ी संख्या में सेल कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एजीएम तनवीर जाफर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीजीएम माइनिंग मिलन नंदी ने दिया।

















