धनबाद: राजकमल स्कूल परिसर में रविवार से धनबाद सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री पी.एन. सिंह ने किया। इस अवसर पर धनबाद सांसद श्री ढुलू महतो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
खेल महोत्सव की शुरुआत जूडो प्रतियोगिता से की गई। यह आयोजन 24 दिसंबर को चिटाही में समापन के साथ समाप्त होगा। महोत्सव के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, मैराथन दौड़, जूडो, शतरंज, बास्केटबॉल और आर्चरी सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव देशभर में युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के बच्चों और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिलेगा और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
लोकसभा के शीतकालीन सत्र से जुड़े सवालों पर सांसद ने कहा कि धनबाद की जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। जनता की समस्याओं के समाधान और धनबाद को विकास की राह पर आगे ले जाना उनकी प्राथमिकता है।खेल महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

















