बनियाहीर हनुमानगढ़ी मंदिर में श्री श्री हनुमंत महायज्ञ के 32वें वार्षिकोत्सव का भव्य शुभारंभ

editor
2 Min Read

झरिया:बनियाहीर स्थित प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में श्री श्री हनुमंत महायज्ञ के 32वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर यज्ञाचार्य शशिकांत तिवारी ने बताया कि यह महायज्ञ पांच दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुष्ठान है। महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक विधि से हवन, पूजा-पाठ, मंत्रोच्चारण एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण का वातावरण स्थापित होगा।

यज्ञाचार्य ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महायज्ञ में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। कलश यात्रा के दौरान रामभक्ति और हनुमान भक्ति के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा।

इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के कोषाध्यक्ष सह महापौर प्रत्याशी अमित कुमार के भाई अंकुर अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आस्था और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।महायज्ञ को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आगामी दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment