धनबाद | 1 नवम्बर 2025हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी धनबाद में खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को एक भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। हीरापुर पार्क मार्केट स्थित श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर यह शोभायात्रा झरिया श्याम मंदिर तक भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में निशान और ध्वज लेकर शामिल हुए। मार्ग भर में भक्तों ने “श्याम बाबा की जय” के जयघोष के साथ भजन–कीर्तन किया और पूरे शहर को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। बैंड-बाजों और झांकी की झंकार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्याम ध्वजा पदयात्रा के सदस्य कृष्णा अग्रवाल ने बताया कि —> “यह श्याम ध्वजा यात्रा का 155वां वर्ष है। इस पदयात्रा में लगभग 1500 श्रद्धालु, जिनमें महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे सभी शामिल थे, उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा के दरबार तक पहुँचे।”
यात्रा रणधीर वर्मा चौक, सिटी सेंटर, बैंक मोड़ होते हुए झरिया पहुँची, जहाँ श्याम भक्तों ने बाबा के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और पुनः अगले वर्ष आने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर झरिया श्याम मंदिर परिसर में बाबा के जन्मोत्सव पर भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक श्रद्धा ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समर्पण की भावना को बढ़ावा देना भी है।📍#DhanbadNews #KhatuShyam #NishanYatra #FaithAndUnity #JharkhandNews #DhanbadDevotion




















