मोजांबिक में बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर गुवा सेल के महाप्रबंधक शंकर प्रसाद दास सम्मानित

editor
2 Min Read

गुवा | झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन की ओर से गुवा सेल के महाप्रबंधक शंकर प्रसाद दास को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अफ्रीकी देश मोजांबिक के टेटे क्षेत्र में हेड ऑफ माइंस के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति मिलने के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने इसे गुवा सेल ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

सम्मान समारोह में यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस अहम पद के लिए शंकर प्रसाद दास का चयन उनकी कार्यकुशलता, सशक्त नेतृत्व और लंबे अनुभव का प्रमाण है। इससे सेल प्रबंधन की साख मजबूत हुई है और गुवा क्षेत्र का नाम देश-विदेश में रोशन हुआ है।यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ ने कहा कि महाप्रबंधक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान शंकर प्रसाद दास ने मजदूरों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। उन्होंने हमेशा श्रमिक हितों को प्राथमिकता दी और संवाद की सकारात्मक संस्कृति को बढ़ावा दिया, जिसका लाभ कार्यस्थल के माहौल में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

सम्मान प्राप्त करने पर शंकर प्रसाद दास ने यूनियन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से संगठन एवं श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, उपाध्यक्ष चंद्रिका खण्डाईत, पदमा केसरी, बसंती देवी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment