रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की हार्ड लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

editor
2 Min Read

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-7361 को लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से विमान में सवार सभी 75 यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।

एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि विमान रात करीब 8:30 बजे रांची पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान आई तकनीकी समस्या के कारण पायलट को हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी। यात्रियों ने तेज झटका महसूस किया, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। जांच में विमान के बाहरी हिस्से को कोई गंभीर नुकसान नहीं पाया गया।

हार्ड लैंडिंग के बाद विमान को एप्रन रैंप से जोड़ा गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि तकनीकी जांच में विमान को आगे उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं माना गया। विमान को दुरुस्त करने के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम बुलाने की जानकारी दी गई है।

इस विमान से रांची से भुवनेश्वर जाने वाली अगली उड़ान प्रस्तावित थी, लेकिन उड़ान रद्द कर दी गई। रात करीब 9:40 बजे यात्रियों को सूचित किया गया कि वैकल्पिक विमान की व्यवस्था संभव नहीं है। इससे भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों ने नाराजगी भी जताई।

इंडिगो प्रबंधन ने यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की, जबकि 35 यात्रियों को कार से भुवनेश्वर भेजा गया। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इंडिगो एयरलाइंस को लगातार उड़ान रद्द होने और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।#Ranchi #IndiGo #HardLanding #BirsaMundaAirport #AviationNews #PassengerSafety #BreakingNews

Leave a Comment