- Hindi News
- Local
- Haryana
- Haryana Budget 2026 LIVE Update; Nayab Singh Saini Speech | Farmers Bijli Nigam Hansi District
चंडीगढ़1 घंटे पहलेलेखक: अभिषेक वाजपेयी, विक्रम बनेटा
- कॉपी लिंक

विधानसभा में बजट भाषण पढ़ते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की। केसरिया पगड़ी पहनकर आए CM सैनी ने 3 घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा।
उन्होंने कहा- प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा।
हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी। ये बसें गुरुग्राम और चंडीगढ़ से मुख्य धार्मिक स्थलों जैसे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर जाएंगी। इसके अलावा, महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उन्हें टैक्स में 1% की छूट मिलेगी।
पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी रिजर्वेशन का प्रस्ताव रखा है। अगले साल 1300 अग्निवीरों की पुलिस में विशेष भर्ती होगी। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाया गया है। 25 सितंबर 2026 से इस योजना का फायदा उन परिवारों को भी मिलेगा जिनकी सालाना कमाई 1.80 लाख रुपए तक है। इसके लिए 6,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

बजट से जुड़ी तस्वीरें…

सदन में बजट भाषण पढ़ते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

सीएम आवास पर बजट बनाने वाली टीम के साथ मुख्यमंत्री।

बजट की कॉपी पर साइन करते CM नायब सिंह सैनी।
बजट के बड़े अपडेट्स…
वीटा बूथों में महिला समूहों को 20 फीसदी रिजर्वेशन
CM सैनी ने 2000 नए बीटा बूथ खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इन बूथों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा।
4 राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे
किसानों के लिए CM सैनी ने घोषणा की कि प्रदेश में 7 नए पशु औषधालय और 4 नए राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे। हिसार में ₹30 करोड़ की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनेगा। देसी कपास की खेती की प्रोत्साहन राशि ₹3,000 से बढ़ाकर ₹4,000 प्रति एकड़ की जाएगी।
12 जिलों में 21 नए खेल स्टेडियम
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि राज्य के हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही, हर जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर भी खोला जाएगा, जिसे किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी द्वारा चलाया जाएगा। इसके अलावा, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियम भी बनाए जाएंगे।

बजट से जुड़े पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
09:40 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
3 घंटे 10 मिनट चला बजट भाषण
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 3 घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। अंत में स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सीएम को इसके लिए अवॉर्ड मिलना चाहिए।
09:32 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
युवाओं को विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग मिलेगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के सहयोग से एक विदेशी भाषा प्रशिक्षण योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत 3 लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी जाएगी, ताकि वे विदेश में नौकरी के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने वैध रूट से विदेश में गए युवाओं की अकाल मौत होने पर उनके परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए एक कल्याण कोष गठित करने की भी घोषणा की है। इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करना और विदेश में अप्रत्याशित घटनाओं का सामना करने वाले परिवारों को सहायता प्रदान करना है।
09:28 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
एक हजार ‘सक्षम आंगनवाड़ी’ केंद्र बनेंगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि 1000 आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे इन केंद्रों की कार्यक्षमता और गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त, 1000 आंगनवाड़ी केंद्रों को प्ले-स्कूल में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 5800 आंगनवाड़ी केंद्रों के अपने भवन बनाए जाएंगे, जिससे इन केंद्रों को स्थायी और सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। इन पहलों का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाना और बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
09:26 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ेगा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की है। 25 सितंबर 2026 से इस योजना के अंतर्गत पात्रता आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए कर दिया जाएगा। इस बजट में इस योजना के तहत 6500 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। पिछले साल बजट में इसके लिए 5 हजार करोड़ रुपए रखे गए थे।
09:18 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पुलिस में अग्निवीरों को 20% रिजर्वेशन
सीएम ने पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी रिजर्वेशन का प्रस्ताव रखा है। अगले साल 1300 अग्निवीरों की पुलिस में विशेष भर्ती होगी। यहां बता दें कि अग्निवीरों का पहले बैच का कार्यकाल इसी साल पूरी हो रहा है।
09:18 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पुलिस ने बहादुरों को प्रमोशन, गद्दारों को सजा
सीएम ने कहा कि पुलिस विभाग में जो पुलिसकर्मी बहादुरी से आपराधिक तत्वों का सामना करेगा, उन्हें समय से पहले पदोन्नति मिलेगी। जो पुलिसकर्मी फर्ज के प्रति गद्दारी करते हुए पाया गया, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
09:14 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
करनाल के हसनपुर में बनेगा डियर पार्क
करनाल के हसनपुर में 100 एकड़ जमीन में डियर पार्क बनेगा। इसके लिए 50 करोड़ के बजट का प्रावधान रखा गया है।
09:14 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
7 नए महिला थाने बनाने का प्रस्ताव
लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर व पिहोवा में नए महिला थाने बनेंगे। सोनीपत, गोहाना व बहादुरगढ़ में 3 नए साइबर क्राइम थाने बनेंगे।
09:13 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ATS में महिला कंमाडो भी होंगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा में आतंकवादी विरोधी गतिविधियों के लिए एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (ATS) का गठन किया जा रहा है। इसके लिए बजट में 35 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस एटीएस में महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रस्ताव है।
09:08 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
गुरुग्राम में सड़कों का चौड़ीकरण होगा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम में संकरी सड़कों वाली कॉलोनियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कॉलोनियों को लाइसेंस कैसे दे दिए गए, यह आश्चर्य की बात है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार ऐसी कॉलोनियों में सड़कों को 24 मीटर चौड़ा करेगी। इसके लिए सरकार जल्द ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा करेगी और इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को राहत देगी।
09:06 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
71 शहरों में कटेंगे 849 नए सेक्टर
सीएम ने बताया कि 71 शहरों में 849 नए सेक्टर बनेंगे। 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने के लिए पोर्टल पर किसानों से आवेदन मांगे गए हैं। इनमें लाडवा, घरोंडा, पिहोवा, पृथला, रायपुररानी, टोहाना, बेरी, मतलौडा, इंद्री, फिरोजपुर झीरका, हथीन, नारनौंद, उकलाना, उचाना, भट्टू, रतिया, सफीदों व इसराना जैसे छोटे शहर भी शामिल हैं। गुरुग्राम, पिंजौर-कालका व फरीदाबाद समेत 13 शहरों में 40,126 एकड़ जमीन का विज्ञापन जारी किया गया है।
09:01 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
500 वर्गगज तक के मकान में 10 किलोलीटर फ्री पानी
सीएम ने घोषणा की-500 वर्गगज तक के मकानों में हर महीने 10 किलोलीटर पानी फ्री मिलेगा। अभी इस पर 1 रुपए प्रति किलोलीटर शुल्क लिया जाता है। यह लाभ मीटर्ड वाले घरों को मिलेगा, यानी जिनके घर पानी के मीटर लगे हैं। 23 लाख घरों को 28 करोड़ रुपए प्रति वर्ष का फायदा होगा। पानी व सीवरेज पर बकाया 140 करोड़ रुपए का सरचार्ज माफ किया जाएगा।
09:00 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
महिलाओं को गाड़ियां खरीदने में छूट
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1% की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20% की छूट मिल रही है, जिसे और बढ़ाया जाएगा, ताकि लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित हों और प्रदूषण कम हो।
इसके अलावा, नूंह, फरीदाबाद, अंबाला और गुरुग्राम में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे, ताकि अच्छे ड्राइवर तैयार हो सकें। सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पैनिक बटन दबाने पर कंट्रोल रूम को पता चल जाएगा और तुरंत मदद भेजी जा सकेगी।
लोगों को बसों के बारे में जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 15 अगस्त, 2026 तक एक मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा, जिससे बस कहां है और कब आएगी, यह पता चल सकेगा। इन सभी योजनाओं का मकसद महिलाओं को ताकत देना, प्रदूषण कम करना और लोगों के लिए परिवहन को आसान और सुरक्षित बनाना है।
08:58 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
15000 प्राइवेट गाड़ियां स्क्रैप होंगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा, जिससे सड़कों पर होने वाली घटनाओं पर तत्काल नजर रखी जा सके और मदद पहुंचाई जा सके। इसके साथ ही, उन्होंने पुरानी और खराब हो चुकी गाड़ियों को हटाने के लिए चलाई जा रही योजना के बारे में भी जानकारी दी।
इस योजना का उद्देश्य सड़कों पर सुरक्षा बढ़ाना, प्रदूषण कम करना और पुरानी चीजों को रिसाइकल करके इस्तेमाल करने को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक 11,351 सरकारी और 14,487 प्राइवेट गाड़ियां हटाई गई हैं, और अगले साल 11,500 सरकारी और 15,000 प्राइवेट गाड़ियां हटाने का लक्ष्य रखा गया है। इन प्रयासों से सड़कों को सुरक्षित बनाने और पर्यावरण को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
08:55 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
धार्मिक स्थलों के लिए इलेक्ट्रिक बस चलेंगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और चंडीगढ़ से मुख्य धार्मिक स्थलों जैसे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर आदि की यात्रा के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी, जिससे पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में 12 शहरों में चल रही इलैक्ट्रिक सिटी बसों के समान यह सेवा शेष जिला मुख्यालयों में भी शुरू की जाएगी।
विद्यार्थियों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने के लिए 1,000 नई बसों की खरीद की जाएगी, और महिला यात्रियों व छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। इसके अतिरिक्त, कनीना, नरवाना, गन्नौर एवं कलायत में नए बस अड्डों का निर्माण किया जाएगा, और एचएसएससी के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए एक वेब पोर्टल बनाया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य राज्य में परिवहन सेवाओं को सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाना है।
08:50 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
6 जिलों में PWD गेस्ट हाउस बनेंगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कि 170 करोड़ रुपए की लागत से करनाल, जींद, डबवाली, लाडवा, लोहारू और अटेली में नए PWD गेस्ट हाउस बनाए जाएंगे, और कुरुक्षेत्र में एक बड़े स्तर का गेस्ट हाउस स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नए बजट में 5000 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा, जिससे राज्य में सड़क कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि गुरुग्राम-पटौदी रोड के हरसारू बाइपास से बजीरपुर होते हुए झज्जर तक छह लेन सड़क तथा फरुखनगर बाइपास का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात को सुगम बनाया जा सकेगा। इन पहलों का उद्देश्य राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करना है।
08:47 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लागू होगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि बिजली आपूर्ति में कट या ब्रेकडाउन के कारण सेवा के अधिकार अधिनियम में निर्धारित समय सीमा में समाधान नहीं होने पर औद्योगिक उपभोक्ताओं को डीजल सेट का सहारा लेना पड़ता है, जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि ऐसे समय के लिए औद्योगिक उपभोक्ताओं से फिक्स्ड चार्ज नहीं लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने नए बजट में 2.2 लाख घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर लगाने का प्रस्ताव रखा है, जिससे सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बजट के दौरान हरियाणा में ग्रीन हाइड्रोजन पॉलिसी लागू करने का भी ऐलान किया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करना है। इन पहलों से राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
08:41 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
श्रमिकों के लिए स्कूल खुलेगा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने श्रमिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए अटल आवासीय विद्यालय खोला जाएगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी। इसके अलावा, औद्योगिक शेड बनाने पर लगने वाले टैक्स को कम किया जाएगा, क्योंकि अभी यह टैक्स ज्यादा है, जिससे उद्योगों को परेशानी होती है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की सेहत का ध्यान रखते हुए यह भी कहा कि हर साल सभी श्रमिकों का मुफ्त स्वास्थ्य जांच कराया जाएगा। इसके लिए “समेकित सुरक्षित श्रमिक स्वास्थ्य सिस्टम (4S)” शुरू किया जाएगा। इन सभी घोषणाओं का उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि वे एक बेहतर जीवन जी सकें।
08:31 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
5 नई ESI डिस्पेंसरी बनेंगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने श्रम विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि सभी दुकानों एवं वाणिज्यिक संस्थानों का स्वतः पंजीकरण अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से किया जाएगा, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जा सके।
इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार की 4 श्रम संहिताओं (मजदूरी संहिता-2019, औद्योगिक संबंध संहिता-2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 एवं व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य और कार्य शर्ते संहिता-2020) के लिए नियम बनाकर उन्हें लागू किया जाएगा, जिससे श्रम कानूनों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित हो सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए हरसरू, कादीपुर, वजीराबाद, शाहबाद मारकंडा व फतेहाबाद में पांच नई ESI डिस्पेंसरी खोली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि वर्तमान में मानेसर में संचालित 100 बिस्तर वाले ESI अस्पताल को 200 बिस्तर में अपग्रेड करके यहां एक नया मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
08:19 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
3 जिलों में वेडिंग सिटी बनाएंगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने बजटीय भाषण में Wed India की तर्ज पर हरियाणा में वेडिंग सिटी बनाए जाने का ऐलान किया है। यह सिटी सगाई से विदाई तक के कांसेप्ट पर काम करेगी। गुरुग्राम, खरखौदा (सोनीपत) और पिंजौर (पंचकूला) में ये वेडिंग सिटी बनाई जाएंगी।
08:17 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
औद्योगिक प्लॉटों के लिए ‘लैंड ऑन लीज’ पॉलिसी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) वर्ष 2026-27 में औद्योगिक प्लॉटों के लिए ‘लैंड ऑन लीज’ नीति लागू करेगी। इस नीति के तहत, औद्योगिक प्लॉट दीर्घकालीन लीज पर उपलब्ध कराए जाएंगे और आवश्यकता होने पर इन्हें फ्रीहोल्ड में परिवर्तित करने की सुविधा भी दी जाएगी।
इसके अलावा, नए उद्योगों की स्थापना और इकाइयों के शीघ्र परिचालन को बढ़ावा देने के लिए, HSIIDC राज्य के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में प्लग-एंड-प्ले सुविधाओं के साथ तैयार औद्योगिक फैक्ट्रियां और शेड भी विकसित करेगा। निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए लैंड फीजिबिलिटी सर्टिफिकेट व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसके तहत निवेशकों को 45 कार्यदिवसों के भीतर एक डिजिटल प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने HSIIDC के 500 से अधिक प्लॉट धारकों को राहत देते हुए निर्माण की समय सीमा 31 दिसंबर, 2026 तक बढ़ाने की घोषणा की है। ये प्लॉट धारक कोविड के बाद उपजी कठिनाइयों का सामना कर रहे थे और उन पर रिजंपशन (भूमि वापस लेने) की तलवार लटकी हुई थी।
इसके अतिरिक्त, निवेशकों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर एवं रेवाड़ी में सभी संबंधित विभागों के कॉमन इंडस्ट्रियल सेक्रेटेरिएट बनाने का भी प्रस्ताव है।
08:14 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
5 नए IMT के लिए किसानों से प्रस्ताव मांगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उद्योग एवं श्रम विभाग के संदर्भ में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि पिछले बजट प्रस्ताव के अनुसार और संकल्प पत्र में घोषित 10 नए IMT में से अंबाला और नारायणगढ़ के लिए भूमि क्रय की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके अलावा, तोशाम, जींद, रेवाड़ी, फरीदाबाद एवं राई में आईएमटी विकसित करने के लिए ई-भूमि पोर्टल पर किसानों से प्रस्ताव मांग लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले बजट में घोषित 12 औद्योगिक नीतियों के नए प्रारूप तैयार कर लिए गए हैं। साथ ही, एक नई सेमीकंडक्टर नीति, फार्मास्युटिकल और मेडिकल डिवाइस नीति, टॉयज एवं स्पोर्ट्स इक्विपमेंट नीति, और एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (AVGC-XR) नीति के प्रारूप भी तैयार कर लिए गए हैं। इन सभी नीतियों को वर्ष 2026-27 में लागू किया जाएगा, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
08:11 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
21 नए स्टेडियम बनेंगे
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास विभाग के लिए अपने बजटीय भाषण में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा के सभी नागरिकों में स्वस्थ जीवन शैली और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ‘फिट हरियाणा अभियान’ शुरू किया जाएगा, जिसका शुभारंभ 30 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
राज्य के होनहार खिलाड़ियों को नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण देने और अधिक पदक जीतने के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। खेल अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रत्येक जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और एक खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिसका संचालन किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को सौंपा जाएगा।
इसके अतिरिक्त, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ‘मिशन ओलंपिक 2036’ योजना के अंतर्गत वैज्ञानिक तरीकों से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने की भी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि राजीव गांधी खेल परिसर, दौलताबाद को अपग्रेड करते हुए राज्य का पहला अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से सुसज्जित पैरा खेल स्टेडियम बनाया जाएगा, जहां दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण और खेल अवसंरचनाएं उपलब्ध होंगी। इन पहलों का उद्देश्य हरियाणा को खेल और फिटनेस के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य बनाना है, साथ ही युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना है।
08:01 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
शिक्षा के क्षेत्र में ये ऐलान….
- 250 विद्यालयों को CM (EEE) विद्यालयों के रूप में विकसित किया जाएगा।
- हरियाणा दिवस 1 नवंबर, 2026 तक सभी राजकीय विद्यालयों में डबल डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ₹200 करोड़ का प्रावधान।
- जर्मन व जापानी भाषाएं पढ़ाने के लिए 100 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
- भविष्य विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से एक वर्चुअल AI एवं डिजिटल कॉलेज शुरू होगा।
- स्टेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा 11वीं के 100 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय भ्रमण कराया जाएगा।
- भिवानी, करनाल, फरीदाबाद, नूंह, पंचकूला, सोनीपत तथा पलवल जिलों में दोहरी पाली में चल रहे 25 विद्यालय एकल पाली में परिवर्तित होंगे।
- गांव माजरा लोहरी (गुरुग्राम), गांव खेड़ी तलवाना (महेंद्रगढ़), नारायणगढ़ (अंबाला) और कवि (पानीपत) में 4 नए राजकीय बहु-तकनीकी संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव।
- 3,328 राजकीय उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को खेल मैदान के विकास हेतु ₹1 लाख प्रति विद्यालय मिलेंगे।
- प्रदेश के 250 विद्यालयों में ₹25 करोड़ की लागत से अटल टिंकरिंग लैब बनेंगी।
- उच्च शिक्षा के तंत्र तथा अनुसंधान प्रयोगशालाओं के उन्नयन हेतु ₹10 करोड़ का उच्च शिक्षा गुणवत्ता एवं अनुसंधान उत्कृष्टता कोष शुरू किया जाएगा।
- वीर बाल मेमोरियल इन्स्टिट्यूट योजना के तहत किसी विद्यार्थी की दुर्घटना में मृत्यु पर उसके परिवार को ₹5 लाख और दिव्यांगता होने पर ₹3 लाख की राशि दी जाएगी।
07:57 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
शहरों में 150 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछेगी
महाग्राम योजना के तहत 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति 55 से बढ़ाकर 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन होगी। शहरी क्षेत्रों में 150 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी।
शुद्ध जल बचाने के लिए नई नीति के तहत 31 दिसंबर, 2028 तक 100% रिसाइक्ल्ड वेस्ट वाटर का उपयोग गैर-उपभोग्य प्रयोजनों के लिए किया जाएगा।
पेयजल गुणवत्ता सुधार के लिए हिसार सहित 5 जिलों के 44 वाटर वर्क्स टैंकों को RCC लाइनिंग में बदला जाएगा।
07:53 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
किसानों के लिए ये ऐलान….
- भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम सहित अन्य जिलों में अतिरिक्त 1.40 लाख एकड़ लवणीय भूमि को खेती योग्य बनाया जाएगा।
- कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण से प्रमाणित किसानों को अगले 5 वर्षों तक ₹10,000 प्रति एकड़ प्रति वर्ष मिलेगा अनुदान।
- देसी कपास की खेती की प्रोत्साहन राशि ₹3,000 से बढ़ाकर ₹4,000 प्रति एकड़।
- धान छोड़कर दालें, तिलहन और कपास उगाने वाले किसानों को ₹2,000 प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस।
- पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, चरखी दादरी व नारनौल की जिला मंडियों में जैविक किसानों को उपज बेचने के लिए विशेष स्थान मिलेगा।
- ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2,000 महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण देकर ग्रामीण हाट और सीधे बाजार से जोड़ा जाएगा।
- मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में फलों पर मुआवजा बढ़ाकर ₹50,000 और सब्जियों–मसालों पर बढ़ाकर ₹40,000 प्रति एकड़।
- किसानों को सीधा बाजार देने के लिए प्रदेशभर में “ग्रामीण हाट मंडियां” स्थापित होंगी।
- एकल आंख विधि से गन्ने की बिजाई पर प्रोत्साहन राशि ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रति एकड़।
- मधुमक्खी पालन को सुरक्षित बनाने के लिए इसे मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल करेंगे।
- गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन के तहत 4 फीट दूरी पर चौड़ी कतारों में गन्ना रोपण पर प्रोत्साहन राशि ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रति एकड़।
- मत्स्य किसानों के लिए यमुनानगर, रोहतक व फरीदाबाद में ₹9 करोड़ से नई मृदा–जल परीक्षण लैब स्थापित होंगी।
- ₹20 करोड़ से ज्योतिसर और सांपला के मछली बीज फार्मों का आधुनिकीकरण होगा।
- उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ₹10 करोड़ की लागत से 100 पशुओं की क्षमता वाले आधुनिक डेयरी फार्म स्थापित होंगे।
- प्रदेश में 7 नए पशु औषधालय और 4 नए राजकीय पशु चिकित्सालय खोले जाएंगे।
- हिसार में ₹30 करोड़ की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनेगा।
- दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के लिए रेवाड़ी और अंबाला में ₹300–₹300 करोड़ की लागत से 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दो नए मिल्क प्लांट बनेंगे।
- प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत हिसार व फरीदाबाद में ₹100 करोड़ की लागत से मछली मंडियां और करनाल में ₹50 करोड़ की लागत से मछली प्रसंस्करण इकाई स्थापित होगी।
- खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 8 नई फूड टेस्टिंग लैब स्थापित होंगी। साथ ही करनाल में ₹8 करोड़ से NABL प्रमाणित दूध व खाद्य परीक्षण लैब बनेगी।
07:49 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
राजकीय स्कूलों में डबल डेस्क लगेंगी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा दिवस (1 नवंबर) तक राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में डबल डेस्क की व्यवस्था कर दी जाएगी। अब कोई भी बच्चा सरकारी स्कूल में टाट पट्टी पर नहीं बैठेगा। इसके अलावा, सरकार एकल पारी स्कूलों को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सुपर 100 योजना की सफलता का भी उल्लेख किया, जिसके तहत जेईई मेन्स में 227 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। इस योजना को और अधिक छात्रों तक पहुंचाने के लिए, उन्होंने सुपर 100 योजना के तहत सीटों की संख्या 400 से बढ़ाकर 500 करने की घोषणा की। यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और छात्रों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
07:35 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
वीटा बूथों में महिला समूहों को 20 फीसदी रिजर्वेशन
2000 नए बीटा बूथ खोलने का अपने बजट भाषण में सीएम नायब सैनी ने ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। इन बूथों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 20% आरक्षण दिया जाएगा।
07:32 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 500 करोड़ का फंड
सीएम नायब सैनी ने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा पूर्ववर्ती पंजाब राज्य में स्थापित सोनीपत, हिसार, अंबाला शहर, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, नीलोखेड़ी, बहादुरगढ़, बरवाला एवं पानीपत के औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इन क्षेत्रों को उद्योग विभाग और बाद में HSIIDC को स्थानांतरित किया गया था, लेकिन वर्तमान में ये नगर निकाय सीमा में आ चुके हैं और यहां इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति खराब है।
उद्योगपतियों की इस समस्या को समझते हुए, सरकार ने वर्ष 2026-27 में “सक्षम” नाम से 500 करोड़ रुपए की राशि का एक विशेष फंड बनाने का निर्णय लिया है। इस फंड का उद्देश्य इन शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर को और बेहतर बनाना है, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। यह घोषणा सरकार की उद्योगों के विकास और समर्थन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
07:21 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय 3.95 लाख
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और प्रति व्यक्ति आय प्रमुख राज्यों में सबसे ऊपर पहुंच गई है। चालू मूल्यों पर हरियाणा की प्रतिव्यक्ति आय 2014-15 में मात्र ₹1,47,382 थी, जो 2023-24 (प्रोविजनल अनुमान) में बढ़कर ₹3,24,958 हो गई। 2024-25 (क्विक अनुमान) में यह ₹3,58,171 तक पहुंच गई, जबकि राष्ट्रीय औसत सिर्फ ₹2,19,575 रहा। 2025-26 (एडवांस अनुमान) में यह और बढ़कर ₹3,95,618 होने का अनुमान है।
07:19 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
बजट में ये 12 घोषणाएं
- किसानों के लिए “हरियाणा एग्री डिस्कॉम” नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनेगी। 5084 कृषि फीडर और 7.12 लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली।
- ग्राम सभा, पैक्स और श्रम समितियों को मजबूती। हर बैठक में 6 नए कार्य अनिवार्य। 300 पैक्स लाभ में लाने का लक्ष्य। श्रम समितियों को ₹4000 करोड़ के कार्य।
- सरकारी भवन, स्वायत्त शिक्षण संस्थान और पंजीकृत गौशालाएं गैर-परंपरागत ऊर्जा आधारित परिसरों में परिवर्तित होंगी।
- 10 शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹500 करोड़ का विशेष फंड।
- हर विधानसभा क्षेत्र में PPP मॉडल पर “आदर्श परीक्षा केंद्र”। पहला केंद्र 25 दिसंबर 2026 तक।
- ₹100 करोड़ के साथ “हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड” की स्थापना।
- 2026–27 में 3 लाख 14 वर्षीय किशोरियों का HPV टीकाकरण। हर जिला व उप-जिला अस्पताल में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” क्लीनिक।
- मई 2026 में AI इनोवेशन चैलेंज। 1 नवंबर 2026 से चुने गए मॉडल लागू।
- नई “मेक इन हरियाणा” नीति। एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी ₹48,000 से बढ़ाकर ₹1 लाख प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष।
- 2026–27 में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ेगी।
- यमुना नदी प्रदूषण खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नया मिशन।
- हांसी राज्य का 23वां जिला। अब विकसित होगा अति आधुनिक मॉडल जिले के रूप में।
07:12 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
सिख धर्म के तीन सिद्धांतों का जिक्र
बजट भाषण के दौरान सीएम नायब सैनी ने किरत कर, नाम जप, वंड छक का जिक्र किया। ये सिख धर्म के तीन सिद्धांत हैं। सिखों के पहले गुरु नानक देव जी का यह सिद्धांत रहा। किरत करो यानी ईमानदारी से मेहनत करो, नाम जपो यानी ईश्वर स्मरण करें और वंड छको यानी बांटकर खाएं और सेवा भावना।

07:10 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
2,23,658.17 का बजट पेश किया
CM नायब सैनी ने कहा कि मैं वर्ष 2026-27 के लिए कुल ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट प्रस्तावित करता हूं, जो वर्ष 2025-26 के संशोधित आंकड़े ₹2,02,816.66 करोड़ से 10.28% अधिक है।
07:03 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ग्राम सभा बैठक में 6 कार्यों पर चर्चा जरूरी
सीएम सैनी ने कहा कि वर्तमान में ग्राम सभा में तीन बैठकें होंगी। ग्राम सभा की बैठकों में 6 नए कार्यों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें विकास, नशा निवारण, पेयजल, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और रखरखाव निरीक्षण शामिल हैं। विधायक भी ग्राम सभा की बैठकों में भाग ले सकते हैं।
वर्तमान में, 804 में से 33 पैक्स लाभ में हैं। अब पैक्स पेट्रोल पंपों से जुड़ सकेंगे और सरकार का लक्ष्य 300 पैक्स को लाभ में लाना है। 6 हजार समितियां निष्क्रिय हैं। ITI में सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इनमें 4 हजार करोड़ के सरकारी कार्य किए जाएंगे।
07:00 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
हरियाणा में नया बिजली निगम बनेगा
CM सैनी ने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 2 बिजली वितरण निगम हैं- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (HBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN)। सरकार एक और बिजली वितरण निगम स्थापित करेगी। इसके जरिए, किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिलाए जाएंगे। हर नारी, स्वस्थ नारी” योजना के तहत, प्रत्येक जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे।
06:52 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
राजकोषीय घाटे में 2.75% बढ़ोतरी
CM नायब सैनी ने कहा कि एआई मिशन के तहत 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में चार विभागों से प्रस्ताव आए हैं, जिन्हें प्राथमिकता दी गई है। इसके अतिरिक्त, हर विभाग अगले बजट में एक भाग महिलाओं के लिए और एक भाग वृद्धजनों के लिए आरक्षित करेगा।

सीएम ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98 प्रतिशत बजट खर्च किया है। यह इतिहास में पहली बार हुआ है। राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44 फीसदी तक बढ़ गया था। सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है।
06:35 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
CM बोले- बजट को लेकर हर वर्ग से बैठकें की
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत न केवल एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है, बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूत हो चुका है। भारत लगातार चौथी बार सकल घरेलू उत्पाद में आगे बढ़ रहा है, जो 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा का संचार है। हरियाणा ने वर्ष 2047 तक एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया है।
हमारे संकल्प पत्र को बजट में शामिल किया गया है और हम तेजी से अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में अग्रसर हैं। पूर्व सीएम मनोहर लाल की तर्ज पर, मैंने गुरुग्राम में बजट को लेकर समाज के हर वर्ग के साथ बैठकें की हैं। इन बैठकों में 2000 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, और कई सुझाव मुझे ईमेल और पत्रों के माध्यम से भी मिले। इन सभी सुझावों पर गहनता से विचार-विमर्श किया गया। प्राप्त सुझावों में से लगभग 5000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया है। इस बजट में मैंने 12 प्रस्ताव शामिल किए हैं।
06:32 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
CM सैनी ने बजट भाषण शुरू किया
दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन में पहुंचे और बजट भाषण पढ़ना शुरू किया।
06:26 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस विधायक बलराम बोले- बजट में कुछ नहीं
06:19 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कांग्रेस विधायक इंदुराज बोले- विकास की बात नहीं होगी
06:14 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
CM सैनी विधानसभा पहुंचे
06:06 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब विधानसभा चुनाव में 10 महीने बचे
पंजाब में विधानसभा का कार्यकाल फरवरी 2027 तक का है। उससे पहले चुनाव हैं। ऐसे में भाजपा अपना फोकस बढ़ा रही है। अभी तक सीएम नायब सैनी पंजाब में फ्रंट फेस बने हुए हैं। भाजपा वहां OBC और गैर सिख वोटरों पर ध्यान केंद्रित किए है। पंजाब में अपने भाषणों में सैनी पंजाबी बोलते हैं। पंजाब के बड़ा भाई बताते हैं और खून का रिश्ता बताते हैं।
06:01 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
CM आवास से नायब सैनी का काफिला निकला
05:58 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
हरियाणा के 7 जिले पंजाब की सीमा से सटे
हरियाणा के 7 जिलों की सीमा पंजाब से सटी है। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद व सिरसा शामिल हैं। इसी तरह पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली), पटियाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा व मुक्तसर साहिब की सीमा हरियाणा से लगती है।
05:58 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब में एक्टिव होने के बाद से पगड़ी में नजर आ रहे
हरियाणा CM नायब सैनी पंजाब में लगातार एक्टिव नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में वह पंजाब में 8 दौरे कर चुके हैं। इस दौरान वह अकसर केसरिया पगड़ी में ही नजर आए। इस बार सीएम आवास पर लोहड़ी के पर्व पर भी पंजाब के नेताओं को आमंत्रित किया गया था।
05:58 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
केसरिया रंग के गहरे संकेत
सिख पंथ में केसरिया (भगवा) रंग साहस, बलिदान और त्याग का प्रतीक माना जाता है। सिख इतिहास में योद्धाओं ने धर्म और न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया, इसलिए यह रंग वीरता से जुड़ा है। गुरु तेग बहादुर व गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान को केसरिया रंग से जोड़ा जाता है।1699 में गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की। खालसा का ध्वज (निशान साहिब) केसरिया रंग का होता है, जो धर्म की रक्षा और एकता का प्रतीक है।
05:47 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
बजट टीम के साथ CM नायब सैनी
05:46 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कुछ देर में CM विधानसभा जाएंगे, भास्कर रिपोर्टर विक्रम बनेटा बता रहे
05:40 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
CM सैनी ने बजट की कॉपी साइन की
05:39 AM2 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
केसरी पगड़ी पहनकर आए CM सैनी
















