Haryana Fatehabad Two youths stranded in Ukraine | Fatehabad News | हरियाणा-पंजाब के युवकों को जबरन रूसी सेना में भर्ती किया: परिवार को कहा- महिला ने नौकरी का लालच दिया, यूक्रेन जंग में भेजा, बचा लो – Fatehabad (Haryana) News

9 Min Read


युवकों ने कुछ वीडियो भेजे हैं। इनमें बताया है कि उन्हें रशियन आर्मी ने यूक्रेन के जंगल में छोड़ दिया है।

हरियाणा और पंजाब के कई युवक यूक्रेन में फंस गए हैं। उन्हें जबरदस्ती रूसी सेना में भर्ती कर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में भेजा जा रहा है। इनमें शामिल हरियाणा के फतेहाबाद जिले के 2 युवकों ने अपने परिजनों को दो वीडियो भेजे हैं, जिनमें मदद की गुहार लगाई है।

.

वीडियो में कहा- हमारे पास 2-3 दिन ही बचे हैं। फिर हमें युद्ध में धकेल दिया जाएगा। यहां से जो भी जा रहा है, वह वापस नहीं आ रहा। पहले 13-14 साथी गए थे, वे सभी मारे गए। फतेहाबाद के अंकित जांगड़ा व विजय पूनिया ने वीडियो में बताया कि वे महिला के दिए नौकरी के लालच में रूसी सेना में आकर यूक्रेन में फंस गए हैं।

उन्होंने सोमवार शाम को परिवार को वॉट्सऐप कॉल कर वहां से निकालने की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि 15 लोगों के बैच में उनके साथ यूपी, पंजाब, जम्मू-कश्मीर के भी युवक फंसे हैं। सभी को रूस के खिलाफ युद्ध में भेजने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

मंगलवार को परिवार CM नायब सिंह सैनी से भी मिला। CM ने मामले को विदेश मंत्रालय में भिजवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार पूरी मदद करेगी। इसके बाद बुधवार को परिवार डीसी डॉ. विवेक भारती से मिलने पहुंचा। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल से भी मदद की गुहार लगाई है।

युवकों ने परिजनों को भेजे 2 वीडियो में हालात बताए…

पहला वीडियो: आर्मी की ड्रेस में दिखा अंकित, बोला- जबरदस्ती कर रहे हैं भाई अंकित ने जो वीडियो भेजा है, उसमें वह आर्मी की ड्रेस में दिखाई दे रहा है। उसके साथ कई युवा हैं जो आर्मी की ड्रेस में हैं और किसी जंगल या घने पेड़ों वाली जगह पर जमीन पर ही बैठे हैं। ये कोई ट्रेनिंग स्थल भी हो सकता है। बैठे युवकों में एक सिख युवक भी नजर आ रहा है। सभी के चेहरे पर डर और निराशा दिख रही है।

वीडियो में अंकित कह रहा है- जबरदस्ती कर रहे हैं भाई। यह लास्ट वीडियो हो सकता है हमारा। हमारे 9 साथी हैं जो ट्रेनिंग पर जा रहे हैं। यहां से 15-20 किलोमीटर दूर हैं वे। हमें कल या परसों लेकर जाएंगे।

जंगल से वीडियो जारी कर जानकारी देता युवक अंकित जांगड़ा।

जंगल से वीडियो जारी कर जानकारी देता युवक अंकित जांगड़ा।

दूसरा वीडियो: कंप्यूटर ऑपरेटर-ड्राइवर की जॉब बताई, ज्यादा पैसे का लालच लिया इसमें एक अंधेरे कमरे में 5 युवक टोली में खड़े हैं। इनमें फतेहाबाद के अंकित जांगड़ा और विजय पूनिया के साथ पंजाब के मोगा जिले के बूटा सिंह, जम्मू के सुनील शर्मा व सचिन शामिल हैं। सभी सहमे हुए हैं और चेहरों पर खौफ साफ दिख रहा है।

इसमें युवक बताता है- भाई, हम 5-6 महीने पहले मॉस्को आए थे। मॉस्को आने के बाद हमारा एक बंदे ने कांटेक्ट करवाया किसी मैडम के साथ। वह बता रही थी कि यहां कंप्यूटर ऑपरेटर, ड्राइवर की जॉब खाली है। जिसको भी करनी है वह कर सकता है। उसने हमारे डॉक्यूमेंट ले लिए थे।

हमें पैसों का लालच दे दिया था कि तुम्हें नौकरी पर लगते ही इतने पैसे मिलेंगे और ज्यादा कुछ नहीं करना। उसने हमारा एग्रीमेंट कराया चिली में और मॉस्को की फ्लाइट कराई थी। हमें उनकी भाषा आती नहीं थी। पता नहीं एग्रीमेंट में क्या-क्या लिखवा रखा था।

यूक्रेन से युवकों ने यह वीडियो भी जारी किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि यह उनका अंतिम वीडियो हो सकता है।

यूक्रेन से युवकों ने यह वीडियो भी जारी किया है। इसमें उन्होंने बताया है कि यह उनका अंतिम वीडियो हो सकता है।

हमारे ऊपर गन तान दी, कहा- गन नहीं चलाओगे तो हम तुम्हें मारेंगे युवक ने कहा- हम 25 बंदे आए थे। साइन करवा कर हमें ट्रेनिंग सेंटर भेज दिया। आर्मी की गाड़ी आई और हमें ट्रेनिंग सेंटर पर ले गई। फिर हमें गन पकड़ा दी। हमने बहुत मना किया कि हमें कुछ नहीं आता। इस पर उन्होंने हमारे ऊपर गन तान दी। कहा- तुम अगलों को मारो या हम तुम्हें मारेंगे। हम सब घबराकर उनकी बात मानने लगे।

युवक बोला- वे हमें एक और जगह ले गए। उस जगह का नाम याद नहीं। फिर कुछ दिन वहां रखा। फिर वहां से 5-6 दिन रूस व यूक्रेन बॉर्डर पर रखा। फिर हमें यूक्रेन लेकर आ गए। यहां बहुत ज्यादा खतरा है। हमारे 13-14 साथी गए थे, वे सभी मारे गए। हम छह-सात बच रहे हैं। जो भी बंदा यहां से जाता है, उसका कुछ पता नहीं चलता।

पीएम-सीएम से रिक्वेस्ट, हमें यहां से निकलवाएं वीडियो में आगे कहा- सबसे रिक्वेस्ट करते हैं। सीएम, पीएम, बीजेपी, पंजाब सरकार से रिक्वेस्ट करते हैं कि हमें निकलवाएं। हो सकता है कि हमारी यह आखिरी वीडियो हो। हमें झूठ बोलकर यहां लाया गया है। हमारे साथ धोखाधड़ी हुई है। हमने हर जगह मेल डाल रखी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हमें कैसे भी करके यहां से निकलवाओ।

स्टडी वीजा पर गए युवक यूक्रेन में फंस गए…

  • फरीदाबाद के एजेंट के जरिए स्टडी वीजा पर गए थे दोनों युवक: गांव कुम्हारिया के अंकित जांगड़ा (23) और विजय पूनिया (25) स्टडी वीजा पर रूस गए थे। अंकित के भाई रघुवीर ने बताया कि सोमवार को अंकित की कॉल आई थी। उसके साथ तब विजय भी था। अंकित ने उधर से कहा, हमें बचा लो। हमारे पास एक- दो दिन ही बचे हैं। इसके बाद हमें युद्ध में भेज दिया जाएगा। रघुवीर के अनुसार, अंकित का कहना है कि उन्हें अभी यूक्रेन में रूस सीमा से 300 किलोमीटर दूर सोलीडेव के जंगल में रखा हुआ है।
  • 12वीं के बाद गया अंकित: रघुवीर ने बताया कि अंकित 12वीं की पढ़ाई पूरी कर 14 फरवरी 2025 को स्टडी वीजा पर रूस गया था। इसमें फरीदाबाद की एजेंट ने उनकी मदद की थी। अंकित ने मॉस्को के एमएसएलयू कॉलेज में लेंग्वेज कोर्स में दाखिला लिया था। अंकित के पिता रामप्रसाद ने बताया कि अंकित ने पढ़ाई के दौरान फ्री टाइम में किसी रेस्टोरेंट में हेल्पर का काम शुरू किया, ताकि अपना खर्चा निकाल सके।
  • दोबारा बिजनेस वीजा से गया विजय: विजय पुनिया जुलाई 2024 में स्टडी वीजा पर गया था। वीजा एक्सटेंड नहीं हुआ तो एक महीने बाद वापस आ गया था। फिर अक्टूबर 2024 में दोबारा गया। छह महीने रहकर मार्च के आखिर में वापस गांव आया। इसके बाद 15 जुलाई 2025 को विजय एक साल का बिजनेस वीजा लगवाकर रशिया गया। परिवार का कहना है कि लोन लेकर उसे विदेश भेजा है।
  • रूस में महिला ने लालच देकर फंसाया: रघुवीर ने बताया कि एक महिला ने अंकित व विजय के साथ अन्य 13 लोगों को रशियन आर्मी में नौकरी दिलाने की लालच दिया था। 15 लोगों का एक बैच बनाया गया।
  • सिर पर कमांडर तैनात: रामप्रसाद ने बताया कि इसके बाद उनके बेटे व उसके साथियों को जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया है। उनके ऊपर कमांडर तैनात हैं। अगर कोई वहां से जाने की बात करता है तो उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। उनके साथ रह रहे 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • महिला को कॉल की तो बोली- वे तो मर गए: गांव के ही एक युवक ने मंगलवार को जाॅब दिलाने वाली को वॉट्सऐप पर कॉल की। महिला ने कहा कि अंकित और विजय तो मर गए हैं। उनकी मौत को चार-पांच दिन हो चुके हैं। जबकि सोमवार को ही परिवार की अंकित से बात हुई थी। इसके बाद महिला ने नंबर ब्लॉक कर दिया।



Source link

Share This Article
Leave a Comment