धनबाद। नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ठाकुरकुली सामुदायिक भवन में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी सीमांत क्षेत्रों के बच्चों, युवाओं और महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाना था।
शिविर में फिजियोथेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट की परामर्श सेवाएं सहित कई स्वास्थ्य सुविधाएँ पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की गईं। विशेषकर गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराया गया।स्थानीय लोगों ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आयोजन की सराहना की। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे शिविर न केवल स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श उपलब्ध कराते हैं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाते हैं।
शिविर आयोजकों ने बताया कि इस संयुक्त पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुँचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति उपचार और परामर्श से वंचित न रहे।शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा मिली है।















