दुमका: झारखंड की उपराजधानी हंसडीहा से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह पति, पत्नी और दो बच्चों के शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घर से मिली पत्नी और बच्चों की लाश, पति खेत में मिला मृत-:पुलिस के अनुसार, घर के अंदर 27 वर्षीय आरती कुमारी और उसके दो मासूम बच्चे—चार वर्षीय रूही कुमारी और दो वर्षीय विराज कुमार—मृत पाए गए। वहीं 32 वर्षीय पति बीरेंद्र कुमार का शव घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला, जिसके गले पर रस्सी का निशान पाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।
दो दिन पहले ही पत्नी को मायके से लाया था-:मृतक बीरेंद्र कुमार शुक्रवार को ही अपनी पत्नी आरती को मायके से घर लाया था। रविवार सुबह परिजनों ने जब घर का दरवाज़ा खोला तो पत्नी और बच्चों को मृत अवस्था में देखा। पति की खोजबीन के दौरान उसका शव खेत में मिला।
गांव में मातम, पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच-:घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस सभी पहलुओं—हत्या, आत्महत्या या पारिवारिक विवाद—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच तेज़ी से जारी है।
















