राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति 28 से 30 दिसंबर 2025 तक तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगी। इस दौरान किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए रांची जिला प्रशासन ने शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
शनिवार को रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पुलिस पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त ब्रीफिंग की। इस ब्रीफिंग में राष्ट्रपति के रूट, कार्यक्रम स्थलों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों और कट प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। सभी प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के साथ मुस्तैद रहने, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ रखने और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जुड़े मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। नो-फ्लाई जोन सहित आवश्यक प्रतिबंध भी प्रभावी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने का दावा किया है कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हों।
प्रशासन और पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें।


















