---
title: "हक के पानी के लिए किसानों का हल्लाबोल! पुसद-नागपुर महामार्ग पर भव्य चक्का जाम आंदोलन “हमारे हक का पानी मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे, पांच से छह पानी"
url: "https://vandebharattv.com/hk-ke-pani-ke-lie-kisanon-ka-hllabol-pusd-nagpur-mhamarg-pr-bhvy-chkka-jam-aandoln-hmare-hk-ka-pani-milne-tk-pichhe-nhin-htenge-panch-se-chhh-pani/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-10T07:14:09+00:00"
---

# हक के पानी के लिए किसानों का हल्लाबोल! पुसद-नागपुर महामार्ग पर भव्य चक्का जाम आंदोलन “हमारे हक का पानी मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे, पांच से छह पानी

![News video GIF](https://vandebharattv.com/wp-content/uploads/2026/11/reporter-frame-pSBURUfAte.jpg)

हक के पानी के लिए किसानों का हल्लाबोल! पुसद-नागपुर महामार्ग पर भव्य चक्का जाम

आंदोलन
 “हमारे हक का पानी मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे, पांच से छह पानी की आवर्तन देने की मांग”

पुसद | प्रतिनिधि शेख महेबूब

पुसद, दिनांक 9 नवंबर 2026। शासन और प्रशासन की कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। दीपावली जैसे त्योहार के दिन भी किसानों को अपने हक के पानी के लिए सड़क पर उतरना पड़ा। पुसद स्थित फार्मसी कॉलेज के समीप पुसद-नागपुर महामार्ग पर किसानों ने भव्य रास्ता रोको आंदोलन कर शासन और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
 स्वाभिमानी किसान संगठन के किसान नेता मनीष जाधव ने इस आंदोलन का नेतृत्व करते हुए सरकार, प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुस नदी के बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। किसानों के साथ यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि बांध का पानी दूसरे जिलों में ले जाने का प्रयास किया गया तो किसान इसका कड़ा विरोध करेंगे।
 उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 में तुअर, हल्दी, कपास और फल बागानों की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछले पंद्रह दिनों से पाटबंधारे विभाग के अधिकारियों से पानी छोड़ने की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण किसानों को रास्ता रोको आंदोलन करना पड़ा।

इस दौरान पाटबंधारे विभाग के उपविभागीय अधिकारी अमोल जाधव तथा शहर पुलिस स्टेशन के थानेदार बी. सी. सागर को किसानों की मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलन के दौरान पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात था। रास्ता रोको आंदोलन के कारण कुछ समय तक महामार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

किसानों की प्रमुख मांगें
 बांध से तत्काल सिंचाई के लिए पानी की आवर्तन छोड़ी जाए।
 किसानों को पांच से छह पानी की आवर्तन उपलब्ध कराई जाए।
 पानी की आवर्तन के दौरान बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाए।
 पिछले वर्ष और चालू वर्ष का फसल बीमा तत्काल दिया जाए।
 सोयाबीन उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।

कपास उत्पादक किसानों को प्रति हेक्टेयर डेढ़ लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।
 खेत मजदूरों को 25 हजार रुपये आर्थिक अनुदान दिया जाए।
 बड़ी संख्या में किसान हुए शामिल
 इस आंदोलन में मनीष जाधव, राजुभाऊ दूधे, अभय गाडगे (पूर्व सभापति, जलापूर्ति समिति, नगर परिषद पुसद), अरुण जाधव (पूर्व नगरसेवक), विकास राठोड, अविनाश गायकवाड, प्रेमराज सरगर, दिलीप बेद्रे, रूपेश जाधव, माधव पचघणे, किशोर राठोड (काटखेडा), दीपक गायकवाड सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
 किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उन्हें उनके हक का पानी और उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
