---
title: "🚨 हमीरपुर ब्रेकिंग न्यूज़ | वन्दे भारत न्यूज किसानों की समस्या पर रातभर डटे रहे एडीएम विजय सिंह, एक ही रात में दुरुस्त कराए"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-breking-nyuj-vnde-bharat-nyuj-kisanon-ki-smsya/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-16T07:08:22+00:00"
---

# 🚨 हमीरपुर ब्रेकिंग न्यूज़ | वन्दे भारत न्यूज किसानों की समस्या पर रातभर डटे रहे एडीएम विजय सिंह, एक ही रात में दुरुस्त कराए

🚨 हमीरपुर ब्रेकिंग न्यूज़ | वन्दे भारत न्यूज

किसानों की समस्या पर रातभर डटे रहे एडीएम विजय सिंह, एक ही रात में दुरुस्त कराए क्षतिग्रस्त कोलाबे

रात 10 बजे से सुबह 4:15 बजे तक मौके पर रहकर कराई मरम्मत, 15 नवंबर से लिफ्ट कैनाल के जरिए सिंचाई शुरू होने का रास्ता साफ, किसानों को मिली बड़ी राहत।

हमीरपुर। किसानों की सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने सराहनीय तत्परता दिखाई। उन्होंने एक ही रात में क्षतिग्रस्त सिंचाई कोलाबों की मरम्मत कराकर किसानों को बड़ी राहत दिलाई।

मामला विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम उजनेड़ी का है, जहां जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान सिंचाई के कई कोलाबे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इससे लिफ्ट कैनाल के माध्यम से सिंचाई करने वाले किसानों के सामने परेशानी खड़ी होने की आशंका थी।

14 नवंबर को जानकारी मिलते ही अपर जिलाधिकारी विजय सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि 15 नवंबर से प्रस्तावित सिंचाई व्यवस्था शुरू होने से पहले सभी क्षतिग्रस्त कोलाबों की मरम्मत हर हाल में पूरी की जाए।

इसके बाद पाइपलाइन और जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ काम सुबह 4:15 बजे तक चला। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एडीएम विजय सिंह स्वयं रात 10:30 बजे से सुबह 4:15 बजे तक मौके पर मौजूद रहे और अपनी निगरानी में कार्य पूरा कराया।

इस दौरान जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंता अरुण प्रभाकर, अवर अभियंता प्रकाश पटेल तथा जिंदल कंपनी के साइट इंजीनियर रितिक अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। सभी के आपसी समन्वय और मेहनत से कई दिनों में पूरा होने वाला कार्य महज एक रात में संपन्न कर दिया गया।

कार्य पूरा होने के बाद अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और जिंदल कंपनी की टीम के प्रयासों की सराहना की। इस त्वरित कार्रवाई से उजनेड़ी और आसपास के क्षेत्र में लिफ्ट कैनाल से सिंचाई करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिली है।

खास बात: किसानों की परेशानी को देखते हुए एडीएम विजय सिंह का रातभर मौके पर डटे रहना और निर्धारित समय से पहले मरम्मत कार्य पूरा कराना चर्चा का विषय बना हुआ है।

वन्दे भारत न्यूज 🇮🇳
 डॉ. निज़ाम ख़ान – हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
