---
title: "हमीरपुर: गिरवर गांव के जंगल में मिली महिला की सिर कटी लाश, 60 घंटे बाद भी नहीं हुई शिनाख्त एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दुष्कर्म की आशंका पर जांच के लिए भेजे गए नमूने,"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-girvr-ganv-ke-jngl-men-mili-mhila-ki/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-22T11:15:15+00:00"
---

# हमीरपुर: गिरवर गांव के जंगल में मिली महिला की सिर कटी लाश, 60 घंटे बाद भी नहीं हुई शिनाख्त एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दुष्कर्म की आशंका पर जांच के लिए भेजे गए नमूने,

हमीरपुर: गिरवर गांव के जंगल में मिली महिला की सिर कटी लाश, 60 घंटे बाद भी नहीं हुई शिनाख्त

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दुष्कर्म की आशंका पर जांच के लिए भेजे गए नमूने, खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित

राठ (हमीरपुर), 22 नवंबर 2026। जनपद हमीरपुर के मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव स्थित जंगल में मिली अज्ञात महिला की सिर कटी लाश के मामले में 60 घंटे बीत जाने के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम गिरवर गांव के जंगल में ग्रामीणों ने महिला का सिर कटा शव देखा था। सूचना मिलने पर मझगवां और राठ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और एसओजी की मदद से घटनास्थल की जांच की। शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब 250 मीटर दूर महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया था। घटनास्थल के आसपास महिला के जले हुए बाल और साड़ी के अवशेष भी मिले थे।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

शनिवार को पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए महिला की पहचान करने और जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, एसओजी, राठ और मझगवां पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं।

दुष्कर्म की आशंका पर भी जांच

महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गई है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह के अनुसार, महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीमें मामले के खुलासे में लगी हैं और जल्द ही घटना का अनावरण करने का प्रयास किया जा रहा है।

संवाददाता: निज़ाम खान
 वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर
