---
title: "हमीरपुर: जहरीले पदार्थ के सेवन से 28 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-jhrile-pdarth-ke-sevn-se-28-vrshiy-yuvk/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:20+00:00"
---

# हमीरपुर: जहरीले पदार्थ के सेवन से 28 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के बांकी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ के सेवन के बाद मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

दीपावली के बाद काम पर जाने की थी तैयारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (28) निवासी कांशीराम कॉलोनी, बांकी रोड के रूप में हुई है। बताया गया कि वीरेंद्र 18 अक्टूबर को बाहर से दीपावली का त्योहार मनाने घर आया था। शुक्रवार को उसे दोबारा काम के सिलसिले में बाहर जाना था।

इसी बीच शुक्रवार सुबह उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया पीछे

वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी श्रीमती और दो छोटे बच्चों आर्यन एवं आव्या को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल के अनुसार, युवक मजदूरी के लिए महानगर जाने वाला था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट: निज़ाम खान उर्फ निजामुद्दीन खान
 वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर 🎤🎤🎤🎤
