---
title: "हमीरपुर: किसानों की सिंचाई समस्या पर विधायक सख्त, पंप कैनालों का किया निरीक्षण; अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-kisanon-ki-sinchaee-smsya-pr-vidhayk-skht-pnp/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:20+00:00"
---

# हमीरपुर: किसानों की सिंचाई समस्या पर विधायक सख्त, पंप कैनालों का किया निरीक्षण; अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम

हमीरपुर। जिले में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने सहुरापुर और सहजना पंप कैनालों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को दो दिन के अंदर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

सहुरापुर पंप कैनाल में मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान सहुरापुर पंप कैनाल में पांच मोटरों में से केवल चार मोटर संचालित मिलीं। इस पर विधायक ने अधिशासी अभियंता शरद चौहान को पांचवीं मोटर तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पंप कैनाल के सेकंड स्टेज तक पानी नहीं पहुंचने और कई स्थानों पर कुलाबे क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी सामने आई। विधायक ने अधिकारियों को दो दिन के भीतर मरम्मत कराकर उजनेड़ी माइनर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही भकौल और कुंडौरा माइनर में भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

सहजना पंप कैनाल का भी किया निरीक्षण

इसके बाद विधायक ने सहजना पंप कैनाल का निरीक्षण किया। यहां तीनों मोटरें पूरी क्षमता से संचालित मिलीं। हालांकि कलौलीतीर मौजा के किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को देखते हुए अधिकारियों को दो दिन के अंदर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

किसानों को राहत पहुंचाने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए। नहरों और पंप कैनालों की व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कराई जाएं, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

इस दौरान सहायक अभियंता सृष्टि चौहान, अवर अभियंता रामबाबू और प्रकाश पटेल सहित पौथिया ग्राम प्रधान आशीष सचान, उजनेड़ी ग्राम प्रधान संजय पाल, सहजना ग्राम प्रधान विनोद निषाद तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि विधायक के दो दिन के अल्टीमेटम के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी कितनी जल्दी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचा पाते हैं।

रिपोर्ट: निज़ाम खान उर्फ निजामुद्दीन खान
 वन्दे भारत न्यूज हमीरपुर 🎤🎤🎤🎤
