---
title: "हमीरपुर: कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 86 लाभार्थियों को मिले 1.96 करोड़ रुपये, विधायक और डीएम ने सौंपे स्वीकृति प्रमाण पत्र"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-krishk-durghtna-klyan-yojna-ke-tht-86-labharthiyon/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-14T13:26:56+00:00"
---

# हमीरपुर: कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 86 लाभार्थियों को मिले 1.96 करोड़ रुपये, विधायक और डीएम ने सौंपे स्वीकृति प्रमाण पत्र

हमीरपुर। जनपद के दुर्घटना प्रभावित कृषक परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत जिले के 86 लाभार्थियों को कुल 1 करोड़ 96 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। बुधवार, 11 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक और जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।

कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. कलाम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और जिलाधिकारी अशोक कुमार ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों के लिए कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना में प्रभावित कृषक परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें कठिन परिस्थितियों में राहत देना है।

आठ अभ्यर्थियों को मिला कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में जनपद के युवाओं के लिए भी खुशखबरी रही। यूपीएसएसएससी द्वारा चयनित जिले के आठ अभ्यर्थियों को राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ लाभ पहुंचाने के निर्देश

इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना से प्रभावित कृषक परिवारों को योजना के माध्यम से आर्थिक संबल प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्ट: निज़ाम ख़ान
 वंदे भारत न्यूज़ चैनल | जनपद हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
