---
title: "🚨 हमीरपुर: रोडवेज बस के आगे बाइक लगाने को लेकर विवाद, धनौरी के पास हवाई फायरिंग का आरोप"
url: "https://vandebharattv.com/hmirpur-rodvej-bs-ke-aage-baik-lgane-ko-lekr/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-28T04:46:59+00:00"
---

# 🚨 हमीरपुर: रोडवेज बस के आगे बाइक लगाने को लेकर विवाद, धनौरी के पास हवाई फायरिंग का आरोप

🚨 हमीरपुर: रोडवेज बस के आगे बाइक लगाने को लेकर विवाद, धनौरी के पास हवाई फायरिंग का आरोप

राठ (हमीरपुर)। थाना राठ क्षेत्र में रोडवेज बस चालक और मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों के बीच विवाद के बाद हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ग्राम धनौरी के पास की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 नवंबर 2026 को रोडवेज बस के आगे मोटरसाइकिल लगाने और बस को आगे बढ़ाने को लेकर चालक तथा बाइक सवार तीन युवकों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवकों ने ग्राम धनौरी के पास हवाई फायरिंग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।

क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

संवाददाता: निजाम खान
 वंदे भारत न्यूज़, हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)
