मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा रूबी जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा के तहत समाजसेवा की एक और सराहनीय पहल देखने को मिली। मंच द्वारा झरिया समृद्धि शाखा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा मंच स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 12 जनवरी से 26 जनवरी तक युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 एवं 15 जनवरी 2026 को श्री झरिया–धनबाद गौशाला, बस्ताकोला परिसर में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में असर्फी अस्पताल, धनबाद के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा कुल 106 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से 24 मरीजों के निःशुल्क ओपीडी कार्ड बनाए गए, जिससे वे असर्फी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों से आगे का निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।वहीं शार्प साइट आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 98 लोगों की आंखों की जांच आधुनिक उपकरणों से की गई। इसके अलावा धनबाद डेंटल हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित दंत जांच शिविर में ओरल एवं डेंटल सर्जन डॉ. विकास कुमार द्वारा 54 लोगों की दंत जांच की गई तथा मरीजों को निःशुल्क मेडिकेटेड टूथपेस्ट भी प्रदान किया गया।
इसके साथ ही एकादशी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गौसेवा एवं तुला दान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने भार के बराबर अनाज, फल, सब्जी एवं अन्य सामग्री गौशाला को दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।कार्यक्रम में झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, समृद्धि शाखा अध्यक्ष जया अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक नीरज अग्रवाल, मयंक केजरीवाल, गौतम अग्रवाल, यश अग्रवाल, चैतन्य अग्रवाल सहित पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, दिनेश शर्मा एवं बड़ी संख्या में मंच के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं सेवा-प्रधान कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें, ताकि समाज के हर वर्ग तक सेवा का लाभ पहुंचाया जा सके।
















