केंदुआ गैस रिसाव, कोयला मजदूरों की सुरक्षा और प्रदूषण पर विधायक राज सिन्हा की केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री से अहम मुलाकात

editor
2 Min Read

झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने शनिवार को नई दिल्ली में भारत सरकार के कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक राज सिन्हा ने अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान कोयला क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें झारखंड के समग्र विकास के साथ-साथ विशेष रूप से धनबाद जिले और कोयलांचल क्षेत्र की समस्याएं शामिल रहीं। विधायक राज सिन्हा ने केंदुआ क्षेत्र में हो रहे जहरीली गैस रिसाव की घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और बताया कि इससे आम जनता के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से गैस रिसाव पर त्वरित नियंत्रण, प्रभावित लोगों को अविलंब राहत, समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुख्ता सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।

इसके साथ ही कोयला मजदूरों की सुरक्षा, उनके कार्यस्थलों पर बेहतर व्यवस्था, श्रमिक हितों की रक्षा तथा कोयलांचल क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की समस्या पर भी गंभीर चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि कोयला मजदूरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए ठोस एवं स्थायी समाधान आवश्यक है।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंदुआ सहित पूरे कोयलांचल में गैस रिसाव और प्रदूषण से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा जताया कि इस विषय पर केंद्रीय मंत्री के साथ सकारात्मक और सार्थक बातचीत हुई है।वहीं केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Comment