धनबाद में जनता दरबार: उपायुक्त आदित्य रंजन ने सुनी जन समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा

editor
2 Min Read

धनबाद, 21 नवंबर 2025:जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान तोपचांची से आए एक व्यक्ति ने बताया कि अंचल कार्यालय द्वारा उनकी जमीन की मापी तो कर दी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा उसमें कार्य करने से रोक लगाई जा रही है। उपायुक्त ने तुरंत प्रशासनिक हस्तक्षेप का आदेश दिया।धैया के एक आवेदक ने एनएच द्वारा जमीन अधिग्रहण होने के बाद भी मुआवजा राशि न मिलने की शिकायत की। उपायुक्त ने मामले की जांच कर उचित भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।

बलियापुर से आई महिला ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की, वहीं गोविंदपुर की महिला ने प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का आवेदन दिया। कतरास वार्ड संख्या–3 के आवेदक ने नाली की सफाई कराने का अनुरोध किया।

भिस्तीपाड़ा के एक व्यक्ति ने अपनी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। बाबूडीह निवासी एक महिला ने पुत्र द्वारा प्रताड़ित करने की शिकायत प्रस्तुत की, जबकि गोविंदपुर के एक अन्य व्यक्ति ने सार्वजनिक रास्ते में मकान निर्माण रोकने की मांग की।उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी आवेदकों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दरबार में जन शिकायत कोषांग के प्रभारी अधिकारी नियाज अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment