धनबाद, 20 जनवरी 2026:उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उपायुक्त ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की तत्काल जांच कर विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दरबार में आमघाटा निवासी राज श्री मौर्य ने पीसीसी सड़क की अधूरी ढलाई के कारण घर में पानी घुसने की समस्या रखी। वहीं लोयाबाद से आई मीरा देवी ने अपनी दिव्यांग बच्ची के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। जीतपुर निवासी असीम कुमार सिंह ने मुखिया द्वारा कथित रूप से गलत वंशावली प्रमाण पत्र जारी कर जमीन बिक्री किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। झरिया से आए शंकर कुमार राणा ने ई-श्रम कार्डधारी पुत्र के आकस्मिक निधन के बाद सरकारी क्षतिपूर्ति मुआवजा निर्गत करने को लेकर आवेदन सौंपा।
इसके अलावा जनता दरबार में जमीन विवाद, आवासीय प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण, खतियान सुधार, आवास स्वीकृति, पशुधन मृत्यु मुआवजा, अवरुद्ध रास्ता खुलवाने, पारिवारिक व आपसी विवाद, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं।उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत पर कानून के दायरे में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
















